West bengal: दक्षिण 24 परगना जिले के मगराहाट में सोमवार को चुनाव आयोग के विशेष रोल ऑब्ज़र्वर सी. मुरुगन उस समय भारी विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा, जब वे एसआईआर (SIR) की सुनवाई प्रक्रिया का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करने पहुंचे।
एसआईआर सुनवाई केंद्र पर विरोध प्रदर्शन
मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के शिराकल हाई स्कूल स्थित एसआईआर सुनवाई केंद्र में दस्तावेजों की जांच के दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दक्षिण 24 परगना जिला परिषद के सभाधिपति मुजिबुर रहमान ने किया।
West bengal: प्रदर्शनकारियों की शिकायतें और नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बीएलए (BLA) को हियरिंग रूम में रहने नहीं दिया जा रहा है और बुजुर्ग मतदाताओं के घर जाकर सुनवाई की व्यवस्था नहीं की जा रही है। इन मांगों को लेकर विशेष रोल ऑब्ज़र्वर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कुछ देर बाद सी. मुरुगन शिराकल हाई स्कूल से बाहर निकल गए।
बीडीओ कार्यालय के सामने दोबारा घेराव
इसके बाद जब विशेष रोल ऑब्ज़र्वर मगराहाट-2 बीडीओ कार्यालय के सामने पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद महिला प्रदर्शनकारियों ने उन्हें दोबारा घेर लिया। इस दौरान महिलाओं ने ‘केंद्र की बंचना’ के मुद्दे को सामने रखते हुए विरोध जताया।
West bengal: गाड़ी पर हमले का आरोप
आरोप है कि इसी दौरान उत्तेजित प्रदर्शनकारियों ने सी. मुरुगन की गाड़ी पर जोर-जोर से थप्पड़ मारने शुरू कर दिए, जिससे चालक की सीट के दाहिनी ओर के दरवाज़े का लॉक टूट गया।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति नियंत्रण
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद विशेष रोल ऑब्ज़र्वर बीडीओ कार्यालय से निकलकर कुलपी की ओर रवाना हो गए।
विशेष रोल ऑब्ज़र्वर की प्रतिक्रिया
West bengal: पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सी. मुरुगन ने पत्रकारों से साफ तौर पर कहा, “चुनाव आयोग की ओर से मुझे जिस काम के लिए भेजा गया है, मैं वही काम पूरा कर के लौटूंगा।”
यह भी पढ़ें: तीनों सेनाओं की ताकत बढ़ाने को सरकार की बड़ी मंजूरी, 79 हजार करोड़ की रक्षा खरीद पर मुहर






