Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को खेलों से जोड़ने और प्रतिभाओं को तराशने पर जोर देते हुए कहा कि सभी विश्वविद्यालय और महाविद्यालय किसी एक खेल को गोद लें और उससे जुड़ी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य करें। वे दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय बास्केटबॉल (महिला) प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
खेल से अनुशासन और स्वस्थ जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना भी विकसित करते हैं। इससे युवा नशे और सामाजिक विकृतियों से दूर रहते हैं। उन्होंने ‘शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर से ही समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
Yogi: प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार
सीएम योगी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर खेल ढांचे का विकास किया जा रहा है। हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान और ओपन जिम, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जिला स्तर पर स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। अब तक 96 हजार से अधिक युवक और महिला मंगल दलों को स्पोर्ट्स किट वितरित की जा चुकी है।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और पुरस्कार
उन्होंने कहा कि ओलंपिक में भाग लेने वाले यूपी के खिलाड़ी को 10 लाख रुपये, स्वर्ण पदक विजेता को 6 करोड़ रुपये और क्लास वन नौकरी देने की व्यवस्था है। रजत पदक विजेता को भी 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाता है, ताकि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़े।
Yogi: गोरखपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने चौरीचौरा आंदोलन, गीता प्रेस, मुंशी प्रेमचंद, रामप्रसाद बिस्मिल और बंधु सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि अनेक विभूतियों की कर्मभूमि रही है। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय की खेल विवरणिका का विमोचन भी किया।
ये भी पढ़ें… शादी का झांसा देकर नर्सिंग छात्रा से दुष्कर्म, लखनऊ से इंटर्न डॉक्टर गिरफ्तार







