Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » परिवार संग अयोध्या आइए… दीपोत्सव से पहले CM योगी की खास पाती

परिवार संग अयोध्या आइए… दीपोत्सव से पहले CM योगी की खास पाती

UP News  : उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली से पहले प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष पत्र लिखकर अयोध्या के दसवें भव्य दीपोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचें और दीपोत्सव की भव्यता के साक्षी बनें। अपनी पाती में सीएम योगी ने दीपोत्सव के धार्मिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को भी विस्तार से बताया है।
दीपोत्सव केवल रोशनी नहीं, हमारी संस्कृति का प्रतीक
सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है। यह भारत की सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण उत्सव है। यह पर्व भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटने की स्मृति से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के भाई भरत के त्याग और समर्पण का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि भरत ने 14 वर्षों तक राजसुख का त्याग किया और श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर रखकर शासन किया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि सत्ता का अर्थ केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और समर्पण भी है।
UP News  : दीपोत्सव से स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को रोजगार के नए अवसर मिलते हैं। सरयू तट पर दीपमालाओं की सजावट, राम की पैड़ी पर लाखों दीयों की रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस आयोजन को विशेष बनाती हैं। ड्रोन के जरिए होने वाली आकाशीय प्रस्तुतियां भी दीपोत्सव के आकर्षण का हिस्सा हैं। सीएम योगी ने बताया कि इस आयोजन से कुम्हारों, फूल विक्रेताओं, होटल कारोबारियों और दूसरे स्थानीय व्यापारियों की आय के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने लोगों से स्थानीय कारीगरों के बनाए दीये और दूसरे उत्पाद खरीदने की अपील भी की।
जरूरतमंद परिवारों की दिवाली भी रोशन करने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से त्योहार की खुशियां जरूरतमंद लोगों के साथ बांटने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने आसपास रहने वाले वंचित परिवारों की मदद करनी चाहिए। अपनी क्षमता के अनुसार ऐसे परिवारों को दीये, मिठाइयां और नए कपड़े देकर उनकी दिवाली भी खुशियों से भरने की अपील की। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने और नकारात्मकता से दूर रहने का संदेश भी दिया। साथ ही आसपास स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया।
UP News  : परिवार और दोस्तों के साथ अयोध्या पहुंचने का निमंत्रण
सीएम योगी ने अपनी पाती के आखिर में प्रदेशवासियों से खास अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा है कि लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या आएं और प्रभु श्रीराम की पावन नगरी में दसवें भव्य दीपोत्सव की दिव्य छटा देखें। मुख्यमंत्री का यह संदेश धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता, स्थानीय कारीगरों के प्रोत्साहन और जरूरतमंदों के साथ त्योहार मनाने की भावना को भी सामने रखता है।

 

ये भी पढ़ें…अभिजीत दिपके ने विपक्ष की रैली से क्यों बनाई दूरी? ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद उठे कई सवाल