Home » राजनीति » सोनिया गांधी की किताब पर गरमाई सियासत, क्यों उठ रहे हैं सवाल?

सोनिया गांधी की किताब पर गरमाई सियासत, क्यों उठ रहे हैं सवाल? 

Belonging: A Journey of Love : सोनिया गांधी की किताब पर गरमाई सियासत, क्यों उठ रहे हैं सवाल? 
Belonging: A Journey of Love : सोनिया गांधी की किताब पर गरमाई सियासत, क्यों उठ रहे हैं सवाल? 
Belonging: A Journey of Love: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है। यह पुस्तक अब देशभर की किताबों की दुकानों पर उपलब्ध है। कांग्रेस नेता इस किताब को सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष, त्याग और राजनीतिक सफर को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम बता रहे हैं।कांग्रेस नेताओं का मानना है कि ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के जरिए पाठकों को सोनिया गांधी के निजी जीवन, राजनीतिक संघर्ष और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को जानने का अवसर मिलेगा। कांग्रेसी इस पुस्तक के जारी होने पर प्रसन्न हैं, लेकिन दूसरी तरफ विपक्षी भाजपा की ओर से पुस्तक को लेकर सवाल उठाए जाने लगे हैं।पुस्तक के लॉन्च होने से पहले ही इस पर विवाद शुरू हो गए थे। 

किताब को लेकर विवाद के विषय

किताब के पब्लिशर (प्रकाशक) को लेकर सवाल उठते रहे हैं। दरअसल, शुरुआत में यह किताब ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ द्वारा प्रकाशित होने वाली थी, लेकिन संपादकीय और कानूनी समीक्षा के दौरान कुछ हिस्सों पर सहमति न बनने के कारण पेंगुइन पीछे हट गई। इसके बाद कांग्रेस ने भाजपा पर दबाव बनाने का आरोप लगाया था। अंततः इसे हार्परकॉलिन्स इंडिया द्वारा प्रकाशित किया गया। किताब में ऑपरेशन ब्लू स्टार और कांग्रेस के पुराने विवादित इतिहास (जैसे आपातकाल और 1984 के सिख विरोधी दंगों) के जिक्र को लेकर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले किए हैं। इसी तरह कुछ दिन पहले ब्रिटिश अखबार में अपनी किताब को लेकर दिए गए एक इंटरव्यू में सोनिया गांधी ने कहा था कि वो बाबरी ढांचा गिरते देख रो पड़ी थीं। सोनिया गांधी के बाबरी मस्जिद को लेकर दिए उस बयान पर ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने तीखा हमला बोला। राइन ने कहा कि सोनिया गांधी को 32 साल बाद याद आया कि बाबरी मस्जिद शहीद हुई थी और उसे देखकर उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। राईन ने पूछा कि इतने सालों तक सोनिया कहां थीं?

कांग्रेस शासन और इमरजेंसी को लेकर उठाए सवाल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस के 2004 से 2014 तक के शासनकाल, आपातकाल और गांधी परिवार की राजनीतिक भूमिका को लेकर निशाना साधा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि सोनिया गांधी को अपनी किताब में देश के इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े सवालों पर भी खुलकर बात करनी चाहिए थी।

Belonging: A Journey of Love : आपातकाल पर बात होनी चाहिए थी

भाजपा सांसद तरुण चुघ ने सोनिया गांधी की किताब को लेकर उनसे आग्रह किया कि वे अपनी किताब में देश की प्रमुख घटनाओं का चयनात्मक उल्लेख न करें, बल्कि उन सभी महत्वपूर्ण घटनाओं पर अपने परिवार का दृष्टिकोण भी स्पष्ट करें। उन्होंने विशेष रूप से 1975 में लगाए गए आपातकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लागू की थी और लोकतांत्रिक अधिकारों पर पाबंदियां लगाई गई थीं, तब गांधी परिवार का क्या नजरिया था? उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान पत्रकारों, मीडिया संस्थानों और राजनीतिक नेताओं को जेल में डाला गया, संविधान को निलंबित किया गया और नागरिकों की बोलने तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता छीन ली गई। सोनिया गांधी को इस ऐतिहासिक दौर पर भी अपनी बात रखनी चाहिए।

कांग्रेस के शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड शामिल नहीं

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश अंसारी ने कहा कि अगर सोनिया गांधी की किताब में 2004 से 2014 तक कांग्रेस के शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड शामिल होता, तो जनता को उस दौर की सरकार के कामकाज की स्पष्ट तस्वीर मिल पाती। किताब में यह भी बताया जाना चाहिए था कि कांग्रेस के दस साल के शासनकाल के दौरान देश में कितनी आतंकी घटनाएं हुईं, कितने दंगे हुए और देश को कितने बड़े भ्रष्टाचार के मामलों का सामना करना पड़ा। इन मुद्दों पर भी सोनिया गांधी को अपना पक्ष रखना चाहिए था, ताकि जनता को उस दौर के बारे में पूरी जानकारी मिल सके।

अधिक से अधिक प्रतियां बेचना मकसद 

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विदेशी मूल की नेता, जिन पर कभी पिछले दरवाजे से प्रधानमंत्री पद हासिल करने की कोशिश करने के आरोप लगते रहे हैं, अब भारत के राजनीतिक और सामाजिक मामलों पर अपनी राय रख रही हैं। सोनिया गांधी की किताब को लेकर जिस तरह चर्चा और प्रचार किया जा रहा है, उसका मकसद अधिक से अधिक प्रतियां बेचना है। उन्होंने कहा कि किताब के प्रचार-प्रसार के जरिए इसकी बिक्री बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा नेता मनमीत सिंह ने सवाल किया कि सोनिया गांधी को अपनी आत्मकथा अभी जारी करने की जरूरत क्यों महसूस हुई? उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के जरिए इमरजेंसी को लेकर जनता के बीच एक अलग धारणा बनाने की कोशिश की जा रही है।

अशोक गहलोत के बयान से गरमाई सियासत

दरअसल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने सोनिया गांधी की किताब पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह उस ऐतिहासिक पल के प्रत्यक्ष गवाह थे, जब संसद के सेंट्रल हॉल में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन यानी (यूपीए) के सभी सांसद सोनिया गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे।कांग्रेस और यूपीए के नेताओं की भी यही भावना थी। देश के लोग, कांग्रेस पार्टी और यूपीए के नेता चाहते थे कि सोनिया गांधी प्रधानमंत्री का पद संभालें, इसके बावजूद उन्होंने विनम्रता के साथ इस पद को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।अशोक गहलोत के बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के महासचिव श्याम रजक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का वर्तमान और भविष्य दोनों समाप्त हो चुके हैं। वहीं, भाजपा नेताओं ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाते हुए उन पर इतिहास को अपने नजरिए से पेश करने के आरोप लगाए हैं।

Belonging: A Journey of Love :  जनता ने कांग्रेस को दरकिनार कर दिया

कांग्रेस नेता अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए जनता दल (यूनाइटेड) के महासचिव श्याम रजक ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह दरकिनार कर दिया है। पार्टी अब निष्क्रिय अवस्था में पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता ईर्ष्या और हताशा में इस तरह के बयान दे रहे हैं।रजक ने कहा कि जिन नेताओं और पार्टियों को जनता ने नकार दिया है, उनके बयानों पर चर्चा करना भी बेमानी है। उन्होंने अशोक गहलोत की टिप्पणी पर ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया।

तथ्यों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने सोनिया गांधी की पुस्तक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अपने जीवन के संस्मरण के बजाय इतिहास को उस रूप में प्रस्तुत किया है, जैसा वे चाहती हैं कि लोग उसे देखें। भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि पुस्तक में प्रस्तुत तथ्यों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सोनिया गांधी के एजेंडे और प्रधानमंत्री मोदी के एजेंडे से जुड़े उल्लेखों पर भी टिप्पणी की।

Belonging: A Journey of Love : इंदिरा गांधी के गुस्से और बर्ताव का जिक्र

सोनिया गांधी ने किताब में अपनी सास और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सख्त स्वभाव, स्टाफ और नेताओं को दी जाने वाली सजाओं का जिक्र किया है, जिसकी वजह से भी यह किताब चर्चा में है।किताब में यह खुलासा किया गया है कि 2004 में चुनाव जीतने के बाद सोनिया गांधी के बच्चों (राहुल गांधी और प्रियंका गांधी) ने नहीं चाहा था कि वे प्रधानमंत्री बनें।