Chandigarh Civic Polls: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। नगर निगम के 35 वार्डों के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि चुनाव के नतीजे 26 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
Chandigarh Civic Polls: 35 वार्डों में पांच साल बाद होंगे चुनाव
चंडीगढ़ के राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय कुमार देव ने शुक्रवार को नगर निगम चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। इसके तहत सभी 35 वार्डों में पांच साल बाद चुनाव कराए जाएंगे। फिलहाल चंडीगढ़ नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का बहुमत है। चुनाव आयोग ने फिलहाल चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र की मौजूदा मतदाता सूची को अपनाया है।
Chandigarh Civic Polls: 3 दिसंबर तक दाखिल होंगे नामांकन
चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 26 नवंबर से नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन जमा करने की अंतिम तारीख 3 दिसंबर तय की गई है। इसके बाद 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 7 दिसंबर तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। सभी 35 वार्डों में तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
4.60 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 4.60 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इनमें 2,34,516 पुरुष, 2,25,671 महिलाएं और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची के अनुसार, शहर में 100 वर्ष से अधिक उम्र के 23 मतदाता हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 9,177 है। चुनाव के लिए कुल 576 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
26 दिसंबर को आएंगे चुनाव परिणाम
नगर निगम की सभी 35 सीटों के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा। इसके बाद 26 दिसंबर को मतगणना की जाएगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। बीजेपी की पहली उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद अब अन्य राजनीतिक दलों की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर भी नजर रहेगी।
यह भी पढ़े- अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ी भीड़ क्या बताती है? कई किलोमीटर लंबा जाम, दूर-दराज से पहुंचे लोग








