BIHAR ELECTION: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद नई सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में हुई जदयू विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही उनके नेतृत्व में एक बार फिर सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।
जदयू की बैठक में नीतीश कुमार को नेता चुन
दूसरी ओर, भाजपा कार्यालय में भाजपा विधायक दल की बैठक जारी है, जिसमें दल का नेता चुना जाएगा। शाम को एनडीए विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जहां नीतीश कुमार को गठबंधन नेता घोषित किए जाने की पूरी संभावना है। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने पुष्टि की कि शाम को राज्यपाल से मिलकर सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
नई सरकार का शपथ ग्रहण 20 नवंबर को गांधी मैदान में प्रस्तावित है। इसी को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद मंगलवार शाम निरीक्षण के लिए गांधी मैदान पहुंचे। उन्होंने मंच, वीवीआईपी सीटिंग, सुरक्षा व्यवस्था और समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।
BIHAR ELECTION: भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप उभरी
बिहार चुनाव के नतीजों ने एनडीए को बड़ी जीत दिलाई है। पूरे गठबंधन को कुल 202 सीटें मिली हैं। भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, जबकि जदयू ने 85 सीटें जीतीं। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति (आर) ने 29 में से 19 सीटें जीतकर गठबंधन की तीसरी सबसे मजबूत पार्टी के रूप में जगह बनाई है। इसके अलावा हम को पांच और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को चार सीटें मिलीं।
BIHAR ELECTION: नई सरकार में कौन-कौन मंत्री बनेगा
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि नई सरकार में कौन-कौन मंत्री बनेगा। भाजपा, जो इस बार सबसे बड़ी पार्टी बनी है, स्वाभाविक रूप से अधिक और महत्वपूर्ण विभागों की दावेदार होगी। जदयू के पास भी संख्या मजबूत है, इसलिए दोनों दलों के बीच पोर्टफोलियो संतुलन कैसे बनेगा, इस पर निगाहें टिकी हैं। खासकर लोजपा (आर) की 19 सीटों ने उसे भी कैबिनेट में ठोस दावेदारी दे दी है।
शपथ से पहले गठबंधन की बैठकों का दौर जारी है और अगले 24 घंटे में अंतिम रूप से मंत्री पदों की सूची सामने आने की उम्मीद है। बिहार में नई सरकार का चेहरा तय हो चुका है, अब सिर्फ मंत्रिमंडल का स्वरूप बाकी है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हैं।
ये भी पढ़े.. Patna News: मरीन ड्राइव पर पुलिसकर्मी और प्रेग्नेंट महिला के बीच हंगामा, महिला पर चढ़ाई पुलिसकर्मी ने स्कूटी







