Dharmendra death news: भारतीय सिनेमा के महानायक और “ही-मैन” के नाम से पहचाने जाने वाले धर्मेंद्र का सोमवार सुबह मुंबई स्थित उनके घर पर 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उनकी स्थिति उतार-चढ़ाव में थी और आज सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। खबर फैलते ही फिल्म उद्योग, राजनीति और देशभर के प्रशंसकों में गहरा शोक छा गया।
परिवार की मौजूदगी में होगा अंतिम संस्कार
धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के पवन हंस श्मशान स्थल पर किया जाएगा, जहाँ परिवार के सदस्यों के साथ फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियाँ शामिल हुईं। माहौल भावुक था और सभी ने अपने चहेते कलाकार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। परिवार ने इस कठिन समय में मीडिया और प्रशंसकों से निजता बनाए रखने की अपील की है।
Dharmendra death news: छह दशक का अद्भुत करियर रहा
8 दिसंबर 1935 को पंजाब के नस्राली गाँव में जन्मे धर्मेंद्र ने लगभग 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर हिंदी सिनेमा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय रचा।
शोले, चुपके चुपके, धरमवीर, यादों की बारात और अनुपमा जैसी फिल्में उनकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण हैं। उनका वीरू का किरदार भारतीय सिनेमा में हमेशा याद रखा जाएगा। दमदार व्यक्तित्व और स्क्रीन प्रेज़ेंस के कारण ही उन्हें “ही-मैन ऑफ बॉलीवुड” कहा गया।
Dharmendra death news: परिवार कर रहा था देखभाल
पिछले कुछ हफ्तों से धर्मेंद्र को सांस लेने में दिक्कत और कमजोरी की शिकायत थी। उन्हें कुछ दिनों पहले अस्पताल में भर्ती भी कराया गया, जहाँ से डिस्चार्ज के बाद घर पर ही उपचार चल रहा था। लेकिन हालत में सुधार न होने और अचानक स्वास्थ्य गिरने के बाद आज उनका निधन हो गया।
फिल्म उद्योग में एक युग का अंत
धर्मेंद्र के जाने के बाद सोशल मीडिया पर सितारों, निर्देशकों और प्रशंसकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी का कहना है कि उन्होंने न सिर्फ अभिनय में नई ऊँचाइयाँ छुईं, बल्कि अपने सरल और सौम्य स्वभाव से सभी का दिल जीता। उनका निधन भारतीय सिनेमा के एक चमकते युग के अंत जैसा है। उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।






