CRIME NEWS: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में मंगलवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पिंडारा ठाकुर गांव में 23 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
धारदार हथियार से हमला कर दिया
मृतक रत्नेश मिश्रा मंगलवार शाम घर से शौच के लिए निकला था। इसी दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर गांव के ही छह लोगों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रत्नेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
CRIME NEWS: ग्रामीणों को देख भागे आरोपी
रत्नेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन ग्रामीणों को आता देख हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और रत्नेश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान मौत
परिजन पहले रत्नेश को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रत्नेश ने दम तोड़ दिया। रत्नेश कमला नगर में चश्मे की दुकान चलाता था।
CRIME NEWS: पुराने विवाद की आशंका
परिजनों का आरोप है कि रत्नेश का कुछ दिन पहले गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत कोतवाली पुलिस में भी दी गई थी। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो इस हत्या को रोका जा सकता था।
पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया।
छह नामजद आरोपियों पर एफआईआर
मृतक के पिता की तहरीर पर गांव के छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… सूरत एयरपोर्ट पर इंटरनेशनल ड्रग्स तस्करी का पर्दाफाश, 17.6 किलो हाइब्रिड गांजा जब्त






