ख़बर का असर

Home » बिहार » मुंगेर में शराब तस्कर की गिरफ्तारी पर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस टीम किया हमला, सिपाही घायल

मुंगेर में शराब तस्कर की गिरफ्तारी पर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस टीम किया हमला, सिपाही घायल

Munger News

Munger News: मुंगेर जिले के नयारामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटम पूर्व पंचायत के कन्हैयाचक गांव में शनिवार देर शाम शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में एक पुलिस जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपियों ने उसका पिस्टल और मोबाइल फोन छीन लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लूटे गए हथियार व मोबाइल की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस टीम पर किया हमला 

जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना के हसनपुर क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को सूचना मिली थी कि काले रंग की बाइक से एक व्यक्ति शराब लेकर गुजर रहा है। सूचना के आधार पर क्यूआरटी टीम के पांच जवान तीन बाइकों से संदिग्ध का पीछा करने लगे। पुलिस को देखते ही तस्कर कन्हैयाचक गांव की ओर भागने लगा, जहां पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान वार्ड संख्या एक के वार्ड सदस्य मनीष कुमार के रूप में की गई। जब पुलिस उसे अपने साथ ले जाने लगी तो ग्रामीण उग्र हो गए और शराब माफिया को छुड़ाने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच जमकर हाथापाई हुई।

Munger News: सिपाही गंभीर रूप से घायल

हमले में सिपाही सोनू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाथापाई के दौरान आरोपियों ने सिपाही का पिस्टल और मोबाइल फोन भी छीन लिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम जान बचाकर मौके से निकल गई। ग्रामीणों ने पुलिस की एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान पुलिस के एक जवान ने अपने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो के आधार पर वार्ड सदस्य मनीष कुमार सहित अन्य युवकों की पहचान की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर सदर एसडीपीओ अभिषेक आनंद के नेतृत्व में मुफस्सिल, नयारामनगर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कन्हैयाचक गांव में कैंप कर हथियार और मोबाइल की तलाश शुरू कर दी। टमाटर के खेतों समेत आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, हालांकि अब तक पिस्टल बरामद नहीं हो सका है। इस मामले में पुलिस ने रेणु देवी, आरती देवी, वार्ड सदस्य मनीष यादव की पत्नी रितू देवी तथा उसकी बहन छोटी कुमारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले में क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम के साथ ग्रामीणों की हाथापाई हुई है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और छापेमारी अभियान जारी है।

Report By: Sumit Kumar

ये भी पढ़े… इलाज में चूक या सिस्टम की नाकामी? ग्रेटर नोएडा में नवजात की मौत पर उठे सवाल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

khabar india YouTube posterKhabar India YouTube

राशिफल