Bahraich News: कतर्नियाघाट रेंज के कोर एरिया में वन विभाग की टीम ने अवैध शिकार की कोशिश को नाकाम करते हुए एक जनजाति युवक को बंदूक के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई बिछिया-आम्बा मार्ग के पास की गई, जहाँ गश्त के दौरान टीम को संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। वन विभाग की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को जमीन पर गिरा कर काबू किया गया। मौके पर मौजूद दूसरे युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वन कर्मियों ने उसे भी पकड़कर रस्सी से उसके पैर बांधकर काबू में कर लिया।
अवैध बंदूक बरामद
गिरफ्तार युवक की पहचान रमपुरवा (फकीरपुरी) निवासी शिव प्रसाद के रूप में हुई है। वन विभाग के अनुसार, युवक संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध शिकार करने के उद्देश्य से बंदूक लेकर घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध बंदूक बरामद हुई। कतर्नियाघाट वनक्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में वाचर संजय गौंड और रामनाथ की भी अहम भूमिका रही।
वन विभाग ने स्थानीय निवासियों से अपील की है कि संरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की शिकार गतिविधियों में शामिल न हों और वन्य जीवन की सुरक्षा में सहयोग दें। कतर्नियाघाट रेंज में यह कार्रवाई वन विभाग की सतत गश्त और निगरानी का हिस्सा है, ताकि वन्य जीव और उनकी प्राकृतिक आवास को बचाया जा सके।
Report By: उवेश रहमान






