Bengal News: पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक वीडियो साझा कर दावा किया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। यह वीडियो दक्षिण 24 परगना जिले के कैनिंग उप-मंडल के बासंती ब्लॉक के उत्तर भांगनामारी गांव का बताया जा रहा है।
महिला और परिवार पर बेरहमी से हमला
वीडियो में कुछ असामाजिक तत्व एक महिला और उसके परिवार के सदस्यों को बांस और डंडों से बेरहमी से पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। भाजपा का दावा है कि शिकायतकर्ता ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं, उनमें जलील लस्कर, मुन्ना लस्कर, आरिफ लस्कर सहित अन्य शामिल हैं। खुलेआम हो रही हिंसा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Bengal News: अमित मालवीय का ममता सरकार पर सीधा आरोप
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल में कोई भी महिला सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि विवाद चाहे जो भी रहा हो, लेकिन दिनदहाड़े महिलाओं को बांस और डंडों से पीटना भयावह है और यह कानून के डर की पूरी तरह से कमी को दर्शाता है। उनके मुताबिक, ऐसी घटनाएं राजनीतिक संरक्षण या प्रशासनिक उदासीनता की ओर इशारा करती हैं।
SIR कैंप तोड़फोड़ और आगजनी का भी आरोप
अमित मालवीय ने एक अन्य पोस्ट में पश्चिम बर्धवान जिले के पांडाबेश्वर में भाजपा के एसआईआर कैंप में तोड़फोड़ और आगजनी के वीडियो भी साझा किए। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यह घटना अंजाम दी और पुलिस सूचना के बावजूद मूकदर्शक बनी रही। वहीं, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने भी वीडियो साझा कर ममता सरकार को “महिला विरोधी” बताते हुए सत्ता से हटाने की मांग की।
ये भी पढ़ें…Bengal News: पश्चिम बंगाल: SIR सुनवाई में BDO की मानवीय पहल बनी मिसाल






