Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » शोर का विरोध करने पर हमला, क्रॉसिंग रिपब्लिक में न्यू ईयर पार्टी के दौरान बवाल, वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस

शोर का विरोध करने पर हमला, क्रॉसिंग रिपब्लिक में न्यू ईयर पार्टी के दौरान बवाल, वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस

Ghaziabad News

​Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके की सुशांत एक्वापोलिस सोसाइटी में नए साल का जश्न उस समय बड़े विवाद में बदल गया, जब शोर-शराबे का विरोध करने पर एक परिवार के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट की गई। पुलिस ने घटना के दो दिन बाद, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और किरकिरी होने के बाद मुकदमा दर्ज किया है।

तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर रहे थे युवक-युवतियां

​जानकारी के अनुसार, नए साल की रात सोसाइटी में कुछ युवक-युवतियां तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर जश्न मना रहे थे। देर रात तक चल रहे शोर-शराबे और हुड़दंग से जब एक परिवार की नींद में खलल पड़ा, तो उन्होंने बाहर निकलकर उन्हें टोक दिया। परिवार ने बस इतना कहा था कि वे म्यूजिक की आवाज थोड़ी कम कर लें, लेकिन यह बात पार्टी कर रहे लोगों को इतनी चुभी कि उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर आरोपी आपा खो बैठे और दर्जनों की संख्या में लड़के-लड़कियां पीड़ित परिवार के फ्लैट में जबरदस्ती घुस गए। घर के अंदर घुसकर आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की और जमकर मारपीट की। इस पूरी घटना का मंजर वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि भीड़ कैसे एक घर में हमला करने के लिए दाखिल हो रही है।

​Ghaziabad News: वीडियो वायरल होने पर जागी पुलिस

हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस से गुहार लगाई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती दो दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जब मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और गाजियाबाद पुलिस के सुरक्षा दावों पर सवाल उठने लगे, तब जाकर अधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं मामले में ​एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर कई लोगों को नामजद किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। फिलहाल इस घटना के बाद से सोसाइटी के अन्य निवासी भी सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं।

Report By: विभु मिश्रा

ये भी पढ़े… बिजनौर जिला अस्पताल में फर्जीवाड़े का खुलासाः डॉक्टर की मोहर से चल रही थी OPD, असिस्टेंट बन बैठा ‘फर्जी चिकित्सक’