Chattisgarh news: गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत दुतकैया गांव में दो पक्षों के बीच भड़की साम्प्रदायिक हिंसा के बाद हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। हिंसा के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के करीब एक दर्जन मकानों में तोड़फोड़ की और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दिया। घटना के बाद जिन परिवारों के घरों को निशाना बनाया गया, उन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ और पुलिस के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें करीब 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं आधा दर्जन ग्रामीणों को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
Chattisgarh news: तीन बजे से बिगड़े हालात, पुलिस पर भी हुआ पथराव
जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 3 बजे से गांव में तनाव की स्थिति बनने लगी। आक्रोशित ग्रामीणों ने सीधे दूसरे पक्ष के घरों पर धावा बोल दिया और तोड़फोड़ के साथ आगजनी शुरू कर दी। पुलिस जब दूसरे पक्ष के लोगों को बचाने पहुंची, तो भीड़ और उग्र हो गई और पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए पथराव कर दिया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया। रातभर पुलिस ने गांव के कई संवेदनशील इलाकों में पहरा दिया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
एक साल पुराना है विवाद
Chattisgarh news: पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हिंसा की जड़ें एक साल पुराने विवाद से जुड़ी हैं। आरोप है कि दूसरे पक्ष के कुछ युवकों ने शिव मंदिर में तोड़फोड़ की थी, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी भी हुई थी। जेल से छूटने के बाद ये युवक गांव के बाहर लोगों के साथ मारपीट और लूटपाट की घटनाओं में शामिल थे। शनिवार और रविवार को भी ग्रामीणों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया और हिंसा भड़क उठी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर रायपुर रेंज के आईजी और संभाग आयुक्त ने स्वयं मोर्चा संभाला, तब जाकर हालात नियंत्रण में आ सके। फिलहाल पुलिस ने मारपीट में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि गांव में अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, हालांकि एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
ये भी पढ़े: घने कोहरे में बड़ा हादसा टला, कासना में कार नाले में गिरी, दो लोग सुरक्षित







