Kolkata Airport Emergency: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तुर्की एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को फुल इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। काठमांडू से इस्तांबुल जा रही तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर 727 ने दाहिने इंजन में संभावित आग की सूचना के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग की। फ्लाइट दोपहर 2 बजकर 49 मिनट पर कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरी। विमान में कुल 236 यात्री सवार थे, जिन्हें पूरी तरह सुरक्षित निकाल लिया गया।
इंजन में चिंगारी दिखने के बाद लिया गया फैसला
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान के दौरान पायलट को विमान के दाहिने इंजन में चिंगारी नजर आई। इसके बाद कैप्टन ने तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी से हरी झंडी मिलने के बाद विमान को सुरक्षित तरीके से कोलकाता एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
Kolkata Airport Emergency: विमान की जांच जारी, यात्री इंतजार में
कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने बताया कि विमान फिलहाल एयरपोर्ट पर ही है और उसकी तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इंजन में तकनीकी खराबी के चलते यह एहतियाती कदम उठाया गया। यात्रियों को टर्मिनल पर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और आगे की यात्रा को लेकर एयरलाइंस द्वारा व्यवस्था की जा रही है।
Kolkata Airport Emergency: एक दिन पहले मुंबई में भी हुआ था विमान हादसा
गौर करने वाली बात यह है कि इससे एक दिन पहले ही मुंबई एयरपोर्ट पर भी विमानों से जुड़ी एक बड़ी घटना सामने आई थी। यहां एयर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट्स के पंखों के किनारे आपस में टकरा गए थे। यह घटना उस समय हुई, जब एयर इंडिया का विमान टेकऑफ के लिए टैक्सीवे पर था और इंडिगो की फ्लाइट लैंड कर रही थी।
एयर इंडिया की फ्लाइट को हुआ नुकसान
Kolkata Airport Emergency: एयर इंडिया के प्रवक्ता के अनुसार, 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI2732 टेकऑफ से पहले टैक्सीवे पर खड़ी थी, तभी वह एक अन्य विमान के संपर्क में आ गई। दोनों एयरबस A320 विमानों के पंखों के टकराने से एयर इंडिया की फ्लाइट के विंग टिप को नुकसान पहुंचा। सुरक्षा के लिहाज से दोनों विमानों को जांच के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया था
ये भी पढ़ें: PM Modi: पीएम मोदी की इस हफ्ते मलेशिया यात्रा







