Home » उत्तर प्रदेश » मुरादाबाद में दामाद ने सास को क्यों मारी सीने में गोली? मौके पर मौत

मुरादाबाद में दामाद ने सास को क्यों मारी सीने में गोली? मौके पर मौत

UP News

UP News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद महानगर के मझोला थाना क्षेत्र अंतर्गत जयंतीपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां घरेलू कहासुनी के दौरान एक दामाद ने कथित तौर पर अपनी सास को अवैध तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

किचन में बना रही थीं खाना

मृतका की पहचान रुकसाना (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय रुकसाना घर के किचन में खाना बना रही थीं। उसी दौरान उनका दामाद अपने एक दोस्त के साथ घर के अंदर बैठकर नशा कर रहा था। घर के भीतर इस तरह की गतिविधि का रुकसाना ने विरोध किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।

बताया जाता है कि बहस धीरे-धीरे तीखी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी दामाद ने धमकी दी कि वह गोली मार देगा। जब रुकसाना ने उसे ऐसा करने से रोका और विरोध किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर अवैध तमंचा निकालकर उन पर फायर कर दिया।

UP News: गोली लगते ही गिरीं रुकसाना

गोली लगते ही रुकसाना जमीन पर गिर पड़ीं। परिवार के लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन रुकसाना को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। वारदात के बाद आरोपी दामाद और उसका साथी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और पुलिस की विशेष टीमें मामले की जांच में लगी हैं। 

Report By: सलमान युसूफ

ये भी पढ़े… मिल में ‘मृत’ बताया गया युवक मिला ‘जिंदा’, सिर चकरा देगा मुरादाबाद का ये मामला!