UP News: मुरादाबाद जिले के ग्राम नानपुर में एक महिला द्वारा पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए गंभीर आरोप ने इलाके में हलचल मचा दी है। महिला ने सोमवार को नेता के आवास के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठकर विरोध जताया और धमकी दी कि यदि उसे पत्नी का दर्जा नहीं मिला तो वह अपनी जान दे सकती है। महिला का आरोप है कि बीजेपी नेता ने उससे शादी का वादा किया था। इस वादे में फंसाकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए गए। महिला का कहना है कि जब उसने विवाह की मांग की, तो नेता ने उसके साथ मंदिर में विवाह की रस्में भी पूरी कीं। लेकिन अब वह उसे पत्नी के रूप में स्वीकार करने से इनकार कर रहे हैं और घर में प्रवेश भी नहीं करने दे रहे। महिला ने जोर देकर कहा कि वह तब तक धरने से हटने वाली नहीं है जब तक उसका हक उसे नहीं मिलता।
गांव में मची हलचल
महिला द्वारा धरना शुरू करते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जमा हो गए। घटनास्थल पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था और लोग इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बारे में चर्चा करने लगे। सूचना मिलते ही कुंदरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने महिला को शांति बनाए रखने और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। महिला ने हालांकि अपनी मांग पर अडिग रहते हुए कहा कि वह तब तक नहीं हिलेगी जब तक उसे उसका अधिकार नहीं मिलता।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बयान दर्ज किए गए। अधिकारी ने कहा कि सबूतों और बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक पुलिस गांव में कैंप करती रही ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
UP News: नेता और समर्थकों का पक्ष
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक साजिश करार दिया। उनके समर्थकों ने कहा कि यह छवि धूमिल करने के लिए रची गई योजना है। नेता की तरफ से मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जाएगी और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। वहीं मामले में कुंदरकी थाना के अधिकारियों ने बताया कि महिला की शिकायत पर उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मामला झूठा साबित होने या सही होने की जांच अदालत के समक्ष जाएगी।
Report BY: सलमान युसूफ
ये भी पढ़े… गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल की अनूठी पहल, चौथी संतान पर दंपति को दिए 21 हजार रुपये






