Ghaziabad News: गाजियाबाद जिले के लोनी के अंकुर बिहार अंकुर विहार थाना क्षेत्र के बी-5 ब्लॉक स्थित कलावा वाटिका के पास होली के दौरान हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति पिस्टल लहराते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने इस मामले में हिंदू रक्षा दल से जुड़े अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी को गिरफ्तार कर शांति भंग के आरोप में जेल भेज दिया है, जबकि पिस्टल लहराने वाला मुख्य आरोपी हरेंद्र अभी फरार बताया जा रहा है।
कैसे शुरु हुआ विवाद?
जानकारी के अनुसार, घटना 4 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे की है। कॉलोनी में बच्चे और महिलाएं होली खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों द्वारा फेंके गए रंग भरे गुब्बारे कुछ महिलाओं को लग गए, जिससे नाराजगी हो गई। बताया जा रहा है कि इसी बीच पास के एक फ्लैट में रहने वाले हरेंद्र की पत्नी बच्चों के पक्ष में बोलने लगीं, जिससे महिलाओं के साथ उनकी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर हरेंद्र अपने फ्लैट से नीचे आया और महिलाओं से कहासुनी करने लगा। स्थानीय लोगों ने जब उसका विरोध किया तो उसने अपने साथियों अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी को बुला लिया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे तीनों ने हंगामा किया और इसी दौरान हरेंद्र ने पिस्टल निकालकर लहराई।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। आरोप है कि अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी ने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और निवासियों के साथ अभद्रता भी की।
Ghaziabad News: पुलिस कार्रवाई की मांग
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी को हिरासत में ले लिया और शांति भंग के आरोप में जेल भेज दिया। हालांकि, पिस्टल लहराने वाला मुख्य आरोपी हरेंद्र मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे दर्जनों समर्थकों के साथ अंकुर विहार थाने पहुंचे। उन्होंने अक्कू पंडित और दक्ष चौधरी को गिरफ्तार करने वाले पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में जानकारी देते हुए एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश रॉय ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की भी जांच होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि पिस्टल लहराने वाले फरार आरोपी हरेंद्र की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






