Railway Technology News: भारतीय रेलवे अपने प्रमुख स्टेशनों को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है. इसी पहल के तहत अब कुछ बड़े रेलवे स्टेशनों पर इंसानों की तरह दिखने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट तैनात करने की योजना बनाई जा रही है. ये रोबोट केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि यात्रियों की मदद करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने जैसे कई अहम काम भी करेंगे.
यात्रियों को तुरंत मिलेगी जरूरी जानकारी
इन रोबोट्स को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि वे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को तुरंत जरूरी जानकारी दे सकें. अक्सर यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर, ट्रेन का समय या स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने में परेशानी होती है. ऐसे में रोबोट सीधे बातचीत के जरिए उनकी मदद करेंगे.
खास बात यह है कि ये रोबोट कई भाषाओं में संवाद करने में सक्षम होंगे, जिससे देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले यात्रियों को भी आसानी होगी.
Railway Technology News: स्टेशन के अंदर रास्ता भी बताएंगे रोबोट
यात्रियों को प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, वेटिंग रूम या अन्य सुविधाओं तक पहुंचने में मदद देने के लिए भी इन रोबोट्स को डिजाइन किया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर ये रोबोट यात्रियों को सही दिशा दिखाने और जरूरी जगह तक गाइड करने का काम करेंगे. रेलवे का उद्देश्य है कि स्टेशन पर आने वाले लोगों को कम समय में सही जानकारी मिले और उनका सफर ज्यादा सुविधाजनक बन सके.
Railway Technology News: भीड़ और सुरक्षा पर भी रखेंगे नजर
बड़े रेलवे स्टेशनों पर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान भारी भीड़ देखने को मिलती है. ऐसे में भीड़ को संभालना और सुरक्षा बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है.इसी को ध्यान में रखते हुए रोबोट्स को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि वे स्टेशन पर हो रही गतिविधियों पर नजर रख सकें. अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो यह तुरंत सुरक्षा टीम को सूचना भेज सकते हैं. इससे आपात स्थिति में तेजी से कार्रवाई करना संभव होगा.
पहले चरण में इन बड़े स्टेशनों पर होगी शुरुआत
रेलवे की योजना है कि इस नई तकनीक की शुरुआत देश के कुछ प्रमुख रेलवे स्टेशनों से की जाए. शुरुआती चरण में एनएसजी ग्रेड-1 के करीब 20 बड़े स्टेशनों को चुना गया है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में यात्री आते हैं.यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो आने वाले समय में देश के अन्य बड़े रेलवे स्टेशनों पर भी ह्यूमनॉइड रोबोट्स की तैनाती की जा सकती है.
ये भी पढ़े: उड़ते आसमान में क्यों छिड़ी वेज-नॉनवेज की जंग







