UP News: यूपी के फतेहपुर जिले के आबू नगर इलाके में मंगलवार शाम 5 बजे एक युवती के साथ सड़क पर घातक और डरावनी घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, अमन सैय्यद उर्फ जॉर्डन नामक युवक अचानक बाइक से वहां आया और एक युवती को रोककर उसे अपनी प्रेमिका बताने लगा। आरोपी ने युवती को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की और उसका बैग भी छीन लिया।
युवती ने किया विरोध
इस दौरान युवती ने पूरी तरह से विरोध किया और खुद को बचाने की कोशिश की। हालांकि आरोपी ने उसे पकड़ने की कोशिश जारी रखी। आसपास मौजूद लोगों ने घटना देखी और कुछ ने इसे वीडियो में रिकॉर्ड करना शुरू किया। आरोपी ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को भी धमकी दी, जिससे साफ दिखा कि वह अपनी हरकतों के लिए तैयार था।
UP News: वीडियो हुआ वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में आरोपी युवती को खींचते हुए, उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश करते हुए और अश्लील हरकत करने की कोशिश करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो को देखकर स्थानीय लोग और सोशल मीडिया उपयोगकर्ता काफी आक्रोशित हैं। जबकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने आरोपी अमन सैय्यद उर्फ जॉर्डन के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 75, 352, 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।
मामले में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर, अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वीडियो में आरोपी सड़क पर युवती को रोककर उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकत करता नजर आ रहा है। युवती ने विरोध किया, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाते हुए जबरदस्ती करने की कोशिश की। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज़ी से आगे बढ़ रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ और साक्ष्य इकट्ठा किए जा रहे हैं।








