MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए चर्चित देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड ने अब ऐसा भयावह मोड़ ले लिया है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। मामले का खुलासा होने के बाद जो सच्चाई सामने आई है, वह किसी फिल्मी साजिश से कम नहीं, बल्कि उससे भी ज्यादा खौफनाक है। इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की अपनी पत्नी प्रियंका निकली।
मृतक के परिवार का दर्द आया सामने
आरोपी पत्नी की गिरफ्तारी के बाद अब मृतक के परिवार का दर्द भी सामने आ रहा है। मां लक्ष्मी बाई और बहन ज्योति ने बताया कि घर के भीतर लंबे समय से एक ‘खामोश जंग’ चल रही थी, जिसका अंत खून से सने इस कत्ल में हुआ। मृतक की बहन ज्योति के मुताबिक, प्रियंका अक्सर देवकृष्ण को मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। वह उसे उसके रंग-रूप को लेकर ताने देती और कहती थी कि वह उसके लायक नहीं है। बार-बार तलाक की बात करना, झगड़ा करना और पति से दूरी बनाकर रखना उसकी आदत बन चुकी थी।
परिवार का आरोप है कि प्रियंका का साल 2020 से ही किसी और युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब वह ससुराल में होती थी, तब उसका प्रेमी हर कुछ दिनों में गांव के आसपास मंडराता था और दोनों के बीच घंटों फोन पर बातचीत होती थी। विरोध करने पर घर में विवाद और बढ़ जाता था। जांच में सामने आया कि इसी अवैध संबंध ने एक खतरनाक साजिश का रूप ले लिया। प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इस योजना को अंजाम देने के लिए कमलेश ने अपने साथी सुरेंद्र को एक लाख रुपये की सुपारी दी।
MP News: मारने की दी थी सुपारी
वारदात वाली रात, जब देवकृष्ण गहरी नींद में था, तभी सुपारी किलर सुरेंद्र चुपचाप घर में दाखिल हुआ और सोते हुए ही उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि देवकृष्ण को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या को लूट का रूप देने के लिए प्रियंका ने खुद को दूसरे कमरे में बंधक जैसा दिखाया और घर के जेवरात भी खुद ही छिपा दिए, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। लेकिन उसकी यह चाल ज्यादा देर तक नहीं चल पाई। वहीं एसपी मयंक अवस्थी के नेतृत्व में जब साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की, तो घटनास्थल पर किसी जबरन घुसपैठ के कोई निशान नहीं मिले। शक गहराने पर पुलिस ने प्रियंका से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें वह टूट गई और पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
प्रेमी कमलेश गिरफ्तार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि देवकृष्ण और प्रियंका का बाल विवाह हुआ था, जब दोनों नाबालिग थे। वर्षों तक अलग रहने के बाद जब साथ रहने का समय आया, तब भी प्रियंका इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पा रही थी और अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी चाहती थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल साजिश से जुड़े कई अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं। हालांकि, इस हत्याकांड को अंजाम देने वाला सुपारी किलर सुरेंद्र अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि रिश्तों में छिपी नफरत और धोखा कब किस हद तक पहुंच सकता है और कब एक ही घर, जो सुरक्षित होना चाहिए, कत्लगाह बन जाता है।
ये भी पढ़े… मोनालिसा से शादी कर फंसे फरमान खान, ठोका गया मुकदमा, वजह जान उड़ जाएंगे होश…








