UP News: वाराणसी में पुलिस प्रशासन ने लंबित विवेचनाओं और कार्य में गंभीर लापरवाही को लेकर बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कैंट, शिवपुर और लालपुर-पांडेयपुर थानों में तैनात कुल 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है, जिनमें एक इंस्पेक्टर और कई सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और थानों में कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामलों को आगे बढ़ाने में गंभीरता नहीं
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पुलिस कमिश्नर द्वारा तीनों थानों के अर्दली रूम की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित विवेचनाओं की स्थिति, जांच की प्रगति, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन, गैर-जमानती वारंट का तामिला, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर की जा रही कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कई मामलों की विवेचना 60 दिन से अधिक समय से लंबित थी, लेकिन संबंधित विवेचकों द्वारा न तो समय पर जांच पूरी की गई और न ही मामलों को आगे बढ़ाने में गंभीरता दिखाई गई।
UP News: किन-किन को किया निलंबित?
लापरवाही और उदासीनता पाए जाने पर पुलिस कमिश्नर ने तत्काल सख्त कदम उठाते हुए कैंट थाने से इंस्पेक्टर सहित कुल छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया। इसके अलावा शिवपुर थाने से तीन सब-इंस्पेक्टर और लालपुर-पांडेयपुर थाने से तीन सब-इंस्पेक्टर को भी निलंबित कर दिया गया। इस तरह कुल 13 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है। सभी निलंबित कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच की भी संस्तुति की गई है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि आखिर किन परिस्थितियों में विवेचनाएं लंबे समय तक लंबित रहीं।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई केवल एक प्रशासनिक कदम नहीं है, बल्कि पुलिस व्यवस्था में अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक सख्त संदेश भी है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों को गंभीरता से न लेना और जांच में देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सभी निलंबित पुलिसकर्मियों के पिछले कार्य रिकॉर्ड की भी विस्तृत जांच की जाएगी ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह लापरवाही अचानक हुई है या पहले से चली आ रही कार्यशैली का हिस्सा है।
ये भी पढ़े… थाने में युवक को पीटने के आरोप में गाजियाबाद में बड़ा एक्शन, 2 दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड








