Donald Trump: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि आईएसआईएस के शीर्ष कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को अमेरिकी और नाइजीरियाई सेनाओं के संयुक्त अभियान में मार गिराया गया है। अल-मिनुकी को दुनिया भर में आईएसआईएस का सेकंड-इन-कमांड माना जाता था और वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था।
ट्रंप बोले- “मेरे निर्देश पर चला मिशन”
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर कहा कि यह ऑपरेशन उनके निर्देश पर चलाया गया। उन्होंने बताया कि अमेरिकी फोर्स और नाइजीरिया की सेना ने बेहद गोपनीय और सटीक रणनीति के तहत इस मिशन को अंजाम दिया। ट्रंप ने कहा, “अबू-बिलाल अल-मिनुकी सोचता था कि वह अफ्रीका में छिपकर बच जाएगा, लेकिन हमारे पास उसके हर कदम की जानकारी थी।”
Donald Trump: अफ्रीका में संभाल रहा था ISIS नेटवर्क
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबू-बिलाल अल-मिनुकी अफ्रीका के साहेल क्षेत्र में सक्रिय था और वह इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रांत (ISWAP) का वरिष्ठ कमांडर माना जाता था। वह आईएसआईएस के ग्लोबल नेटवर्क के संचालन और आतंकी गतिविधियों की निगरानी में अहम भूमिका निभा रहा था। अमेरिकी एजेंसियों का मानना है कि उसके मारे जाने से आईएसआईएस के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
2023 में घोषित हुआ था प्रतिबंधित आतंकी
अमेरिकी विदेश विभाग ने वर्ष 2023 में अल-मिनुकी को एग्जीक्यूटिव ऑर्डर 13224 के तहत प्रतिबंधित आतंकी घोषित किया था। उस पर आतंकवादी गतिविधियों को फंडिंग और संचालन में शामिल होने के आरोप थे। बताया जा रहा है कि वह लेक चाड क्षेत्र में सक्रिय आतंकी मॉड्यूल्स की निगरानी करता था।
Donald Trump: नाइजीरिया सरकार का जताया आभार
ट्रंप ने इस अभियान में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार और वहां की सेना का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई का बड़ा उदाहरण है और अमेरिका भविष्य में भी आतंकवाद के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।
ये भी पढ़े… नीदरलैंड्स में PM मोदी का बड़ा ऐलान, ‘भारत अब दुनिया की ग्रोथ का इंजन’, ओलंपिक मेजबानी पर भी नजर








