India/italy: रोम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के बीच हुई मुलाकात ने भारत-इटली संबंधों को नई ऊंचाई दे दी। संयुक्त प्रेस बयान में दोनों नेताओं ने आतंकवाद, रणनीतिक साझेदारी, इनोवेशन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र जैसे अहम मुद्दों पर खुलकर बात की। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कहा कि उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल को रोम में भव्य स्वागत मिला, जिसके लिए उन्होंने पीएम मेलोनी का धन्यवाद किया। पीएम मोदी ने रोम और काशी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों शहर अपनी प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा, “रोम को दुनिया में ‘Eternal City’ कहा जाता है, जबकि मेरा लोकसभा क्षेत्र काशी भी अपनी अनंत सांस्कृतिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। जब दो प्राचीन सभ्यताएं मिलती हैं तो बातचीत सिर्फ एजेंडे तक सीमित नहीं रहती, उसमें इतिहास, भविष्य और दोस्ती की झलक भी दिखाई देती है।”
भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में उन्हें कई बार पीएम मेलोनी से मिलने का अवसर मिला है, जो दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों का संकेत है। उन्होंने बताया कि भारत और इटली एक नए “भारत-इटली इनोवेशन सेंटर” पर भी काम कर रहे हैं, जिससे टेक्नोलॉजी और रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा।
India/italy: आतंकवाद पर भारत के साथ खड़ा इटली
संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने आतंकवाद को मानवता के लिए गंभीर खतरा बताया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोकतंत्र केवल आतंकवाद की आलोचना नहीं करते, बल्कि उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई भी करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि टेरर फाइनेंसिंग के खिलाफ लड़ाई में इटली भारत के साथ मजबूती से खड़ा है।
India/italy: मेलोनी बोलीं- भारत और इटली पहले से ज्यादा करीब
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने इस मुलाकात को “ऐतिहासिक दिन” बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध अब “विशेष रणनीतिक साझेदारी” के स्तर तक पहुंच चुके हैं, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। मेलोनी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में पीएम मोदी के साथ उनकी सात मुलाकातें हुई हैं, जिनसे दोनों नेताओं के बीच आपसी समझ और भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी के नेतृत्व और उनकी लोकप्रियता की भी जमकर तारीफ की।
26 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री की इटली द्विपक्षीय यात्रा
मेलोनी ने कहा कि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की आखिरी द्विपक्षीय इटली यात्रा साल 2000 में हुई थी। ऐसे में 26 साल बाद पीएम मोदी की यह यात्रा बेहद खास है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक औपचारिक यात्रा नहीं, बल्कि दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा भरने का प्रयास है।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर भी हुई चर्चा
India/italy: इटली की प्रधानमंत्री ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भारत और इटली वैश्विक स्थिरता और नियम-आधारित व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करेंगे।
ये भी पढ़े: शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, बहराइच में घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा








