12 मई से फरार था समर्थ सिंह
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से ही समर्थ सिंह लगातार गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। हालात ऐसे बन गए थे कि पुलिस को उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करना पड़ा और सूचना देने वाले के लिए 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।इधर, समर्थ सिंह ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन बाद में उसने यह याचिका वापस ले ली। इसके बाद यह साफ माना जाने लगा था कि वह जल्द आत्मसमर्पण कर सकता है।
Twisha Sharma Case: कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा तो मच गई हलचल
शुक्रवार को समर्थ सिंह जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचा, जहां उसने सरेंडर करने की कोशिश की। कोर्ट परिसर में उसके पहुंचते ही माहौल गरमा गया। ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से मौजूद वकीलों ने इसका विरोध किया और कहा कि हाई कोर्ट के निर्देश के मुताबिक आरोपी को भोपाल जिला न्यायालय या फिर जांच अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करना चाहिए।इसी बीच जबलपुर पुलिस ने समर्थ सिंह को हिरासत में ले लिया और उसे ओमती थाने ले जाया गया। बाद में भोपाल पुलिस वहां पहुंची और आरोपी को अपने साथ भोपाल लेकर रवाना हो गई।
Twisha Sharma Case: भोपाल पुलिस करेगी लंबी पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक पुलिस अब समर्थ सिंह से गहन पूछताछ करना चाहती है। इसी वजह से अदालत से सात दिन की रिमांड मांगी जाएगी ताकि ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि घटना के बाद से फरारी के दौरान समर्थ सिंह किन लोगों के संपर्क में था और उसे किसका सहयोग मिल रहा था।
बार काउंसिल ने भी की बड़ी कार्रवाई
ट्विशा शर्मा मौत मामले में विवाद बढ़ने के बाद बार काउंसिल ने भी समर्थ सिंह के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। उसकी वकालत का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद कानूनी गलियारों में भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।अब पूरे मामले में सबकी नजर भोपाल कोर्ट पर टिकी हुई है, जहां पुलिस आरोपी की रिमांड मांगते हुए जांच को आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
ये भी पढ़े: देश में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं, फिर क्यों बढ़ रहे दाम? इंडियन ऑयल का बड़ा खुलासा








