Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के पड़री थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी की हत्या से इलाके में दहशत फैल गई है। बसारी गांव में रविवार सुबह एक नाले के पास किशोरी का शव मिलने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
रात में घर से गायब हुई थी किशोरी
मृतका की पहचान कविता बिंद के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक कविता शनिवार रात अपनी मां के साथ घर में सो रही थी। देर रात करीब एक बजे परिवार की आंख खुली तो वह घर में नहीं मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह गांव के बाहर मजदूरों और स्थानीय लोगों ने एक युवती का शव नाले के पास पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कविता बिंद के रूप में की। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
Mirzapur News: परिजनों ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप
परिवार का आरोप है कि सुखनई गांव निवासी साजन बिंद कई महीनों से कविता को मोबाइल फोन पर परेशान कर रहा था। मृतका के पिता मोहन बिंद ने बताया कि परिवार द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने धमकी भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने किशोरी की चाकू से गला रेतकर हत्या की और उसके साथ दुष्कर्म भी किया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखा गया। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजीव पांडेय भी गांव पहुंचे। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
ये भी पढ़ें…अमेरिका-ईरान डील पर फिर बढ़ा सस्पेंस, यूरेनियम मुद्दे पर दोनों देशों के दावे अलग








