Bihar News: बिहार की राजनीति में सरकारी आवास को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने से साफ इनकार कर दिया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से अंतिम नोटिस जारी किए जाने के बावजूद उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह फिलहाल आवास खाली करने के पक्ष में नहीं हैं।
मीडिया से बातचीत में कहा कि- फोर्स बुलाकर खाली करा लें
दिल्ली से पटना पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में राबड़ी देवी से जब सरकारी आवास खाली करने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने संक्षिप्त लेकिन तीखा जवाब देते हुए कहा, “फोर्स बुलाकर खाली करा लें।” उनके इस बयान को राज्य सरकार के लिए खुली चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।
Bihar News: अंतिम नोटिस के बाद बढ़ा विवाद
भवन निर्माण विभाग ने शुक्रवार को राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया था। विभाग का कहना है कि यह आवास अब डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया जा चुका है, इसलिए इसे जल्द खाली किया जाना आवश्यक है। सरकार के अनुसार, नवंबर 2025 में राबड़ी देवी को नया सरकारी आवास 39 हार्डिंग रोड पर आवंटित कर दिया गया था। इसके बावजूद छह महीने बीत जाने के बाद भी उन्होंने पुराना आवास खाली नहीं किया।
दो दशक से रह रहा है लालू परिवार
10 सर्कुलर रोड स्थित यह बंगला पिछले करीब 20 वर्षों से राबड़ी देवी और लालू प्रसाद यादव परिवार का निवास रहा है। वर्ष 2005 में मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद उन्हें यह आवास आवंटित किया गया था। बाद में इसे विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उनके पद के आधार पर आवंटित रखा गया। हालांकि, सरकारी आवासों को लेकर पूर्व में आए न्यायिक निर्देशों के बाद पूर्व मुख्यमंत्रियों और पूर्व उपमुख्यमंत्रियों के लिए ऐसे आवासों को स्थायी रूप से बनाए रखना संभव नहीं माना गया था।
Bihar News: सियासी टकराव के आसार
राबड़ी देवी के बयान के बाद इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। एक ओर सरकार आवास खाली कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं राष्ट्रीय जनता दल इसे राजनीतिक प्रतिशोध के तौर पर पेश कर सकती है। आने वाले दिनों में 10 सर्कुलर रोड आवास का विवाद बिहार की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन सकता है।
ये भी पढ़े… लक्ष्मी भंडार’ का नाम बदलकर घुसपैठियों…’ TMC के आरोपों पर BJP का पलटवार








