Abhishek Banerjee Assault Case: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव अभिषेक बनर्जी पर शनिवार शाम हमला किए जाने का मामला सामने आया है। कभी बंगाल की राजनीति में बेहद प्रभावशाली माने जाने वाले अभिषेक बनर्जी के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर मारपीट की। उन पर थप्पड़ चलाए गए, ईंट से हमला किया गया और उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। यह घटना ऐसे इलाके में हुई, जिसे अभिषेक बनर्जी का मजबूत राजनीतिक गढ़ माना जाता है। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

सोनारपुर दक्षिण में हुई घटना
जानकारी के अनुसार, यह घटना पश्चिम बंगाल के सोनारपुर दक्षिण इलाके में हुई। शनिवार शाम कुछ लोगों ने अभिषेक बनर्जी को घेर लिया और उनके साथ हाथापाई की। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर अंडे फेंके, कपड़े फाड़ दिए और ईंट-पत्थर से हमला किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि खुद को बचाने के लिए अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहनना पड़ा।

Abhishek Banerjee: हमले के बाद गरमाई राजनीति
अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस घटना पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी नाराजगी जताई और इसे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर बीजेपी को शर्म आनी चाहिए।
ममता बनर्जी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति घायल होकर अस्पताल पहुंचता है, तो उसका इलाज होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर ऐसी घटना किसी और के परिवार के साथ हो जाए तो क्या होगा। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता हमेशा किसी एक के पास नहीं रहती।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
ममता बनर्जी ने दावा किया कि उनके पास मौजूद वीडियो में पत्थर से हमला होते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर वह पत्थर सीधे लग जाता या स्थानीय युवकों ने अभिषेक को हेलमेट न दिया होता, तो उनकी मौके पर ही जान जा सकती थी।
ममता बनर्जी ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि पुलिस को पहले से सूचना दी गई थी, इसके बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल, डॉक्टरों और आम लोगों को भी धमकाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
ये भी पढ़ें…दिल्ली में चला बुलडोजर, शालीमार बाग के 300 मकानों पर कार्रवाई, भारी सुरक्षा बल तैनात








