US – IRAN DEAL: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल न कर सके। व्हाइट हाउस में फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच एक “बहुत अच्छे समझौते” की संभावना बन रही है और बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
“ईरान परमाणु हथियार नहीं बनाएगा और न खरीदेगा”
ट्रंप ने कहा कि ईरान इस बात पर सहमत हो गया है कि वह न तो परमाणु हथियार बनाएगा और न ही किसी अन्य स्रोत से हासिल करेगा। उनके अनुसार, बातचीत के दौरान इस शर्त को और स्पष्ट किया गया ताकि किसी भी संभावित रास्ते से परमाणु हथियार प्राप्त करने की संभावना खत्म की जा सके। उन्होंने कहा कि केवल हथियार विकसित न करने की बात पर्याप्त नहीं थी, इसलिए समझौते में हथियार खरीदने या प्राप्त करने पर भी रोक शामिल की गई है।
US – IRAN DEAL: समझौता नहीं हुआ तो सैन्य विकल्प रहेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि वह कूटनीतिक समाधान को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन यदि अमेरिका की सुरक्षा और रणनीतिक हितों की रक्षा नहीं होती है तो सैन्य कार्रवाई का विकल्प भी खुला रहेगा। ट्रंप ने कहा कि यदि अमेरिका को वह परिणाम नहीं मिलता जिसकी उसे अपेक्षा है, तो स्थिति से निपटने के लिए अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा।
बातचीत कठिन, लेकिन प्रगति जारी
ट्रंप ने परमाणु वार्ता को जटिल और चुनौतीपूर्ण बताया, लेकिन कहा कि दोनों पक्षों के बीच लगातार प्रगति हो रही है। उन्होंने दावा किया कि ईरान फिलहाल कमजोर स्थिति से बातचीत कर रहा है और यही वजह है कि समझौते की संभावना मजबूत हुई है।
US – IRAN DEAL: होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी दिया संकेत
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यदि समझौता सफलतापूर्वक संपन्न हो जाता है, तो होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बनी अनिश्चितता भी समाप्त हो सकती है और क्षेत्र में स्थिरता बढ़ेगी। मिडटर्म चुनावों के प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि उनकी विदेश नीति चुनावी गणित से प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उनका ध्यान केवल अमेरिका के हितों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर केंद्रित है।
मध्य पूर्व में बढ़े तनाव के बीच आया बयान
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पिछले कुछ महीनों से मध्य पूर्व में तनाव बढ़ा हुआ है और अमेरिका ईरान के साथ एक दीर्घकालिक परमाणु समझौते की दिशा में प्रयास कर रहा है। ऐसे में इस वार्ता के नतीजों पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़े… मलबे में दबी जिंदगियां: दिल्ली में इमारत ढही, 9 लोग रेस्क्यू, 2 की मौत








