IPL 2026 Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आज यानी रविवार को IPL 2026 के फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस का सामना करेगी। RCB दूसरी बार IPL ट्रॉफी जीतने की कोशिश कर रही है। फाइनल मैच से पहले बेंगलुरु पुलिस ने शहरवासियों और क्रिकेट फैंस के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है।
पुलिस ने साफ कहा है कि शहर में किसी भी प्रकार के सार्वजनिक जश्न, बाइक रैली या भीड़भाड़ वाले समारोह की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पिछले साल हुई दुखद घटना के बाद लिया गया फैसला
पुलिस का कहना है कि इस एडवाइजरी का मुख्य उद्देश्य पिछले वर्ष जैसी दुखद घटनाओं को दोबारा होने से रोकना है।गौरतलब है कि 4 जून 2025 को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर RCB की जीत के जश्न के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। इसी तरह की किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था और नियमों को और सख्त किया गया है।

LED स्क्रीन पर लाइव मैच दिखाने पर रोक
बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने घोषणा की है कि सार्वजनिक LED स्क्रीन पर फाइनल मैच की लाइव स्क्रीनिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।यह प्रतिबंध मॉल, पब और अन्य स्थानों के बाहर लगी उन स्क्रीन पर भी लागू होगा, जिन्हें आम लोग देख सकते हैं। इसके अलावा, सड़कों की ओर लगी बड़ी LED दीवारों पर भी बिना पूर्व अनुमति के मैच का प्रसारण नहीं किया जा सकेगा।
IPL 2026 Final: बाइक रैली, स्टंट और पटाखों पर भी रोक
एडवाइजरी के अनुसार कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें बाइक रैलियां निकालना, तेज रफ्तार वाहन चलाना, स्टंट करना, बेवजह हॉर्न बजाना, सड़कों पर ट्रैफिक जाम करना और पटाखे फोड़ना शामिल हैं।पुलिस ने मैच का परिणाम आने के बाद सड़कों पर निकलकर सार्वजनिक रूप से जश्न मनाने पर भी रोक लगा दी है।

शराबियों को पुलिस की चेतावनी
अधिकारियों ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अभद्र व्यवहार करने और किसी भी प्रकार की हिंसक गतिविधि में शामिल होने से बचने की चेतावनी दी है।पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस ने नागरिकों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सतर्क रहने को कहा है।लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या नफरत फैलाने वाली सामग्री साझा न करें। ऐसी गतिविधियां माहौल को खराब कर सकती हैं और कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा कर सकती हैं।
विरोधी टीम के समर्थकों का सम्मान करें
फैंस से विशेष रूप से अनुरोध किया गया है कि वे विरोधी टीम के समर्थकों को उकसाने या उनका मजाक उड़ाने जैसी हरकतों से बचें।अधिकारियों का कहना है कि इस तरह का व्यवहार विवाद और तनाव पैदा कर सकता है। इसलिए सभी क्रिकेट प्रेमियों को खेल भावना बनाए रखने और एक-दूसरे का सम्मान करने की सलाह दी गई है।

जिम्मेदारी के साथ जश्न मनाने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से मैच का आनंद लेने की अपील की है। उनका कहना है कि शहर की शांति, सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी लोग नियमों का पालन करें और सुरक्षित माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।
ये भी पढ़ें…दिल्ली में चला बुलडोजर, शालीमार बाग के 300 मकानों पर कार्रवाई, भारी सुरक्षा बल तैनात








