Kalyan Banerjee Attacked: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में चंडीतला पुलिस स्टेशन के सामने उस समय माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया जब TMC और BJP कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। TMC की ओर से नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस स्टेशन को एक ज्ञापन सौंपा जाना था, लेकिन उससे पहले ही स्थिति बिगड़ गई और वहां भारी तनाव फैल गया।
कल्याण बनर्जी के सिर में लगी चोट
माहौल बिगड़ने के दौरान BJP कार्यकर्ताओं ने TMC कार्यकर्ताओं के खिलाफ “चोर-चोर” के नारे लगाए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच झड़प और हाथापाई शुरू हो गई। इसी हिंसक झड़प में TMC सांसद कल्याण बनर्जी के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद उन्हें घायल हालत में अपने सिर पर गीला रुमाल रखते हुए देखा गया।

Kalyan Banerjee Attacked: पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती
स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की बड़ी टुकड़ी मौके पर तैनात करनी पड़ी। सुरक्षा बलों ने मौके से उपद्रवियों को हटाकर हालात को काबू में किया। इस दौरान घायल सांसद कल्याण बनर्जी वहीं सड़क पर बैठ गए, जिससे माहौल और संवेदनशील हो गया।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कल्याण बनर्जी ने कड़ी निंदा की और आरोप लगाया कि जब वे पुलिस स्टेशन में आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन देने जा रहे थे, तभी उन्हें जानबूझकर निशाना बनाकर हमला किया गया।

पहले भी अभिषेक बनर्जी पर हमला
इससे पहले पश्चिम बंगाल के सोनारपुर इलाके में TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ भी घटना हुई थी। उस दौरान स्थानीय लोगों ने उन पर अंडे, जूते और पत्थर फेंके थे और लात-घूंसे मारने की कोशिश भी की गई थी। स्थिति बिगड़ने पर उन्हें पुलिस सुरक्षा में वहां से निकाला गया था। उस समय उन्होंने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहना हुआ था और उनकी कमीज भी फट गई थी।








