Home » Breaking News » घर पर भी चले बुलडोजर’- मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद पीड़िता की मां की मांग

घर पर भी चले बुलडोजर’- मुख्य आरोपी के एनकाउंटर के बाद पीड़िता की मां की मांग

Surya Murder Case: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी असद को इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर छोड़कर फरार होने की कोशिश में था, लेकिन सूचना मिलने के बाद की गई घेराबंदी के दौरान उसका सामना पुलिस से हो गया।

पुलिस के मुताबिक, असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर खोड़ा इलाके में किसी से पैसे लेने पहुंचने वाला था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया। जब पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया तो उसने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।

दोनों ओर से चली ताबड़तोड़ फायरिंग

मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 50 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में असद गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे बाद में मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

Surya Murder Case: मौके से हथियार और बाइक बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और बाइक बरामद की है। फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

आरोपी के घर पर बुलडोजर की मांग

मुठभेड़ के बाद मृतक सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि असद और उसके साथियों के घरों पर भी बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह उनके बेटे की हत्या की गई, दोषियों को भी वैसी ही सजा मिलनी चाहिए।

Surya Murder Case: हत्याकांड के बाद बढ़ा था जनाक्रोश

सूर्या चौहान की हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला था। पुलिस पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का दबाव था। मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है, जबकि पुलिस अब उसके फरार साथी और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

ये भी पढ़े… अभिषेक बनर्जी के बाद अब TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमला, चंडीतला थाने के बाहर बवाल, सिर में चोट