Home » Breaking News » IPL फाइनल बेंगलुरु में होना था, हमारे साथ अन्याय हुआ’ डीके शिवकुमार का बड़ा आरोप

IPL फाइनल बेंगलुरु में होना था, हमारे साथ अन्याय हुआ’ डीके शिवकुमार का बड़ा आरोप

IPL 2026: कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार (D. K. Shivakumar) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतने पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) को बधाई दी है। हालांकि, उन्होंने फाइनल मुकाबले के आयोजन स्थल को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि खिताबी मैच बेंगलुरु में होना चाहिए था और राज्य के साथ अन्याय हुआ है।

‘बेंगलुरु को मिलना चाहिए था फाइनल’

पत्रकारों से बातचीत में डीके शिवकुमार ने कहा, “आईपीएल फाइनल बेंगलुरु में होने वाला था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यह हमारे साथ अन्याय हुआ है। हम प्रयास करेंगे कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।” उन्होंने कर्नाटक की जनता की ओर से आरसीबी टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने पर शुभकामनाएं भी दीं।

IPL 2026: फाइनल में RCB का दमदार प्रदर्शन

आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां आरसीबी ने गुजरात टाइटन्स को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया।

गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन ही बना सकी। टीम की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने 50 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर बड़ी पारी नहीं खेल सके। आरसीबी की ओर से रासिक सलाम ने 3 विकेट और भुवनेश्वर कुमार ने 2 विकेट झटके।

IPL 2026: विराट कोहली बने जीत के नायक

156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर मुकाबला जीत लिया।विराट कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। वहीं वेंकटेश अय्यर ने 32 रन का अहम योगदान दिया।

इतिहास रचने वाली टीम बनी RCB

कप्तान रजत पटीदार की अगुवाई में आरसीबी आईपीएल इतिहास में खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली तीसरी टीम बन गई। शानदार बल्लेबाजी के लिए विराट कोहली को फाइनल का ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

ये भी पढ़े… फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा-होर्मुज स्‍ट्रेट बिना शर्त खुले, अमेरिका-ईरान में समझौता हो