New Delhi: तमिलनाडु में वरिष्ठ भाजपा नेता के. अन्नामलाई की नाराजी ने पार्टी आलाकमान को विचलित किया है।अन्नामलाई पार्टी से बेहद नाराज चल रहे हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं, पत्रकारों के पूछे जाने पर भी उन्होंने यही कहा कि थोड़ा इंतजार करें, लेकिन कहा जा रहा है कि वे राज्य में नई पार्टी बनाने के मूड में हैं। उनके हाव-भाव भी यही संकेत दे रहे हैं। उन्होंने अपनी गाडी से भाजपा का झंडा तक हटा दिया है।
नाराज हैं अन्नामलाई
दरअसल, अन्नामलाई तमिलनाडु में AIADMK के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं थे। वे चाहते थे कि राज्य में भाजपा अकेले चुनाव लड़े।पार्टी ने उनकी यह बात नहीं मानी और साथ ही उन्हें राज्य ईकाई के अध्यक्ष पद से भी हटा दिया। उनकी जगह नैनार नागेंद्रन को अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। इसके अलावा अन्नामलाई को विधानसभा चुनाव में टिकट न देकर एक तरह से हाशिये पर डाल दिया गया। ऐसे में उनका नाराज होना स्वाभाविक ही था।
New Delhi: नई पार्टी बनाएंगे?
जानकारों का मानना है कि अपनी उपेक्षा से आहत अन्नामलाई नई पार्टी बनाने का मन बना चुके हैं। तमिलनाडु में उनके समर्थन में जो पोस्टर लगाए गए हैं, उनके भी यही संकेत हैं।अब देखना है कि भाजपा आलाकमान उन्हें मना पाने की कोशिश में सफल हो पाता है या नहीं।इस बीच खबर है कि अन्नामलाई ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष से मुलाकात की है।बताया जाता है कि पार्टी नेतृत्व ने यह कहकर मनाया है कि उन्हें उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।अब देखना है कि वे आलाकमान की बात मानते हैं या फिर नई पार्टी बनाते हैं? बहरहाल उन्होंने इंतजार करने की बात की है, तो इंतजार किया जा सकता है।








