Home » बिहार » BJP ने जारी की विधान परिषद उम्मीदवारों की सूची, पवन सिंह समेत 4 नामों पर लगी मुहर

BJP ने जारी की विधान परिषद उम्मीदवारों की सूची, पवन सिंह समेत 4 नामों पर लगी मुहर

BJP Party: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह का राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए अपने चार उम्मीदवारों की सूची जारी की है, जिसमें सबसे ऊपर पवन सिंह का नाम शामिल है। पार्टी के इस फैसले को बिहार की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनावों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पवन सिंह का नाम उस समय राष्ट्रीय राजनीति में चर्चा में आया था, जब उन्होंने पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से भाजपा का टिकट मिलने के बावजूद चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। अब भाजपा ने उन्हें विधान परिषद भेजने का फैसला कर राजनीतिक रूप से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

इन नेताओं को भी मिला मौका

भाजपा द्वारा घोषित सूची में पवन सिंह के अलावा संजय मयूख, शीला पंडित प्रजापति और अनिल ठाकुर को भी उम्मीदवार बनाया गया है। संजय मयूख लगातार दो कार्यकाल से विधान परिषद सदस्य रहे हैं और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तथा राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।शीला पंडित प्रजापति बाल संरक्षण आयोग की सदस्य रह चुकी हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुकी हैं। अनिल ठाकुर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और पूर्णिया क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ रखते हैं।

BJP Party: सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश

भाजपा की उम्मीदवार सूची को सामाजिक संतुलन के नजरिए से भी देखा जा रहा है। पार्टी ने राजपूत, प्रजापति, नाई (ठाकुर) और कायस्थ समाज से जुड़े चेहरों को प्रतिनिधित्व देकर व्यापक सामाजिक संदेश देने की कोशिश की है।

बिहार चुनाव से पहले बड़ा संकेत

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पवन सिंह को टिकट देकर भाजपा भोजपुरी भाषी क्षेत्रों और युवा मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। बिहार में आगामी राजनीतिक मुकाबलों को देखते हुए यह फैसला भाजपा की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही बिहार की सियासत में नए समीकरणों और चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।

ये भी पढ़े… ‘7.7% GDP ग्रोथ भारत की ताकत का -सबूत’, राजनाथ सिंह ने PM मोदी के नेतृत्व की जमकर की तारीफ