GURUGRAM NEWS: प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत अपने घर का सपना देखने वाले हजारों परिवार आज भी इंतजार की लंबी राह पर खड़े हैं। गुरुग्राम के सेक्टर-68 स्थित महिरा आवासीय परियोजना में वर्ष 2018 में फ्लैट बुक कराने वाले खरीदारों का आरोप है कि 2022 तक कब्जा देने का वादा किया गया था, लेकिन 2026 में भी परियोजना अधूरी पड़ी है और उन्हें अपने घर नहीं मिल सके हैं।
जीवनभर की जमा पूंजी फंसी, EMI और किराए का दोहरा बोझ
खरीदारों का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना पर भरोसा कर अपनी जीवनभर की जमा पूंजी इस परियोजना में लगाई थी। कई परिवारों ने बैंक से ऋण लेकर फ्लैट बुक किए, लेकिन वर्षों बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया। नतीजतन, वे एक तरफ बैंक की ईएमआई भर रहे हैं और दूसरी तरफ किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं।
GURUGRAM NEWS: बिल्डर पर वादाखिलाफी का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि बिल्डर ने खरीदारों से करोड़ों रुपये लेने के बावजूद परियोजना को समय पर पूरा नहीं किया। अब परियोजना की जमीन पर कथित कब्जे की कोशिशों की खबरों ने खरीदारों की चिंता और बढ़ा दी है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया, तो हजारों परिवारों का भविष्य और अधिक संकट में पड़ सकता है।

प्रधानमंत्री, RERA और हरियाणा सरकार से हस्तक्षेप की मांग
खरीदारों ने प्रधानमंत्री, हरियाणा सरकार, RERA और डीटीसीपी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक हाउसिंग प्रोजेक्ट का मामला नहीं, बल्कि उन हजारों मध्यमवर्गीय परिवारों की उम्मीदों का सवाल है जिन्होंने अपने सपनों का घर पाने के लिए वर्षों की कमाई निवेश की है।
खरीदार बोले- अब आश्वासन नहीं, घर की चाबी चाहिए
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्हें अब नए आश्वासनों की नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और अपने घरों की चाबी चाहिए। उनका आग्रह है कि परियोजना को शीघ्र पूरा कराया जाए, जमीन को किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से सुरक्षित रखा जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
GURUGRAM NEWS: बड़ा सवाल: क्या मिलेगा सपनों का आशियाना?
आठ वर्षों से अधूरे पड़े इस प्रोजेक्ट ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है क्या प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर का सपना देखने वाले इन परिवारों को कभी उनका आशियाना मिल पाएगा, या उनका इंतजार और लंबा होता जाएगा?
ये भी पढ़े… BJP ने जारी की विधान परिषद उम्मीदवारों की सूची, पवन सिंह समेत 4 नामों पर लगी मुहर








