Home » राष्ट्रीय » टीम इंडिया में चयन पर झूम उठा ताजपुर, पिता बोले- मेहनत का मिला फल

टीम इंडिया में चयन पर झूम उठा ताजपुर, पिता बोले- मेहनत का मिला फल

Vaibhav Sooryavanshi: वैभव के चयन पर पिता- मेहनत का मिला फल

Vaibhav Sooryavanshi: भारतीय क्रिकेट टीम में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के चयन के बाद बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव में उत्सव का माहौल है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह मिलने पर परिजनों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई। घर के बाहर मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे फोड़कर जश्न मनाया गया।

पिता ने कहा- बचपन की मेहनत रंग लाई

वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने बेटे के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उसकी वर्षों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि वैभव ने बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पण दिखाया और लगातार अभ्यास किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका बेटा भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करेगा और देश का नाम रोशन करेगा। साथ ही चयनकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने वैभव की प्रतिभा पर भरोसा जताया।

Vaibhav Sooryavanshi: परिवार और गांव में खुशी की लहर

वैभव के चाचा राजीव सूर्यवंशी ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भारतीय टी-20 टीम में चयन होना अपने आप में बड़ा रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग में वैभव के प्रदर्शन को देखकर ही यह विश्वास हो गया था कि जल्द ही उन्हें राष्ट्रीय टीम में मौका मिलेगा। गांव के लोगों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताया। पड़ोसी राजेश कुमार ने कहा कि सभी को पहले से भरोसा था कि वैभव एक दिन टीम इंडिया तक जरूर पहुंचेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वैभव ने अपने खेल और अनुशासन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

शानदार प्रदर्शन ने दिलाया बड़ा मौका

वैभव सूर्यवंशी ने हाल के वर्षों में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 175 रन की विस्फोटक पारी ने उन्हें सुर्खियों में ला दिया था। वहीं इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में उन्होंने 776 रन बनाकर सबसे सफल बल्लेबाजों में अपनी जगह बनाई। अब पूरे देश की नजरें इस युवा बल्लेबाज पर हैं। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि वैभव अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और निडर खेल के दम पर भारतीय सीनियर टीम में भी यादगार प्रदर्शन करेंगे।