Home » Breaking News » ED की बड़ी कार्रवाई: पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े यूपी से पंजाब तक कई ठिकानों पर छापेमारी , मचा हड़कंप

ED की बड़ी कार्रवाई: पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े यूपी से पंजाब तक कई ठिकानों पर छापेमारी , मचा हड़कंप

ED ACTION: पंजाब की भगवंत मान सरकार के पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह बड़े पैमाने पर छापेमारी की। ईडी की टीमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब के कई शहरों में एक साथ कार्रवाई कर रही हैं। यह कार्रवाई दुबई को मोबाइल फोन के कथित फर्जी निर्यात और जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन मामले में की जा रही है।

कई राज्यों में एक साथ छापेमारी

ईडी की कार्रवाई उत्तर प्रदेश के नोएडा और बरेली, दिल्ली तथा पंजाब के जालंधर सहित कई स्थानों पर जारी है। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दायरे में आए व्यक्तियों और कंपनियों के आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली जा रही है।

ED ACTION: फर्जी एक्सपोर्ट और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच

जांच एजेंसी के मुताबिक मामला दुबई को मोबाइल फोन के कथित फर्जी निर्यात से जुड़ा है। ईडी इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। संजीव अरोड़ा को इसी मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह वर्तमान में गुरुग्राम जेल में बंद हैं।

100 करोड़ रुपये की जीएसटी धोखाधड़ी का आरोप

ईडी के अनुसार, संजीव अरोड़ा से जुड़ी कंपनी हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड (HSRL) पर फर्जी दस्तावेजों और कथित फर्जी निर्यात के जरिए करीब 102.5 करोड़ रुपये का अवैध लाभ हासिल करने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि कंपनी ने जीएसटी रिफंड के माध्यम से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया। कंपनी पहले रितेश प्रॉपर्टीज एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नाम से जानी जाती थी।

ED ACTION: केजरीवाल ने ईडी कार्रवाई पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि ईडी पंजाब के व्यापारियों को परेशान कर रही है और व्यापारियों से घबराने की बजाय कानूनी रूप से मुकाबला करने की अपील की।

जांच के दायरे में कई कारोबारी और संस्थाएं

सूत्रों के मुताबिक ईडी की मौजूदा कार्रवाई में कई कारोबारी प्रतिष्ठान और उनसे जुड़ी संस्थाएं जांच के घेरे में हैं। एजेंसी जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

ED ACTION: मामले पर बनी हुई है नजर

संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। ईडी की छापेमारी पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़े… भाजपा नेताओं ने कहा- PM मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और लोक-कल्याण को समर्पित रहे 12 वर्ष