Home » Breaking News » गाजियाबाद में NEET परीक्षा से पहले छात्र की मौत, सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद में NEET परीक्षा से पहले छात्र की मौत, सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो की जांच में जुटी पुलिस

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में NEET पुनर्परीक्षा से ठीक पहले एक 22 वर्षीय अभ्यर्थी द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। विजयनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले जतिन कुमार ने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 जून की सुबह सूचना मिली कि युवक ने घर में फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

सुसाइड से पहले बनाया वीडियो

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जतिन कुमार ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। पुलिस अब उस वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सके। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

Ghaziabad News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण “Asphyxia due to antemortem hanging” यानी जीवित अवस्था में फांसी लगने से दम घुटना बताया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर किसी अन्य प्रकार की संदिग्ध चोट या बाहरी हमले के संकेत नहीं मिले हैं।

पुलिस ने क्या कहा?

सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली नगर) उपासना पाण्डेय ने बताया कि आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो की जांच की जा रही है। साथ ही अन्य सभी पहलुओं की भी पड़ताल जारी है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े… भोजपुर एनकाउंटर पर बिहार में सियासी घमासान, सत्ता पक्ष ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल