Home » Breaking News » ओम बिड़ला से मुलाकात के बाद बागी सांसदों पर TMC का वार, अभिषेक बोले- ‘जमीर, सम्मान और ईमानदारी बेच दी

ओम बिड़ला से मुलाकात के बाद बागी सांसदों पर TMC का वार, अभिषेक बोले- ‘जमीर, सम्मान और ईमानदारी बेच दी

Abhishek meets Om Birla: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में जारी बगावत के बीच पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर बागी सांसदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुलाकात के बाद उन्होंने बागी सांसदों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अपना जमीर, सम्मान और ईमानदारी बेच दी है तथा वे ईडी और सीबीआई से बचने के लिए पार्टी छोड़ रहे हैं।

20 सांसदों को अयोग्य घोषित करने की मांग

अभिषेक बनर्जी ने कहा कि टीएमसी की ओर से 20 बागी सांसदों के खिलाफ दसवीं अनुसूची (दल-बदल कानून) के तहत अलग-अलग अयोग्यता याचिकाएं लोकसभा अध्यक्ष को सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन सांसदों में जरा भी नैतिकता बची है तो उन्हें सांसद पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

Abhishek meets Om Birla: ‘जमीर बेच दिया, जनता माफ नहीं करेगी’

अभिषेक ने आरोप लगाया कि बागी सांसदों ने जनता के जनादेश और संविधान दोनों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि “उन्होंने अपना जमीर, सम्मान और ईमानदारी बेच दी है। बंगाल की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।” उन्होंने यह भी दावा किया कि कई बागी सांसदों को केंद्र सरकार की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।

ED-CBI के डर और पैसों का लगाया आरोप

टीएमसी सांसद ने दावा किया कि कुछ सांसद ईडी और सीबीआई की कार्रवाई से बचने के लिए पार्टी छोड़ रहे हैं, जबकि कुछ को पैसे देकर और कुछ को धमकाकर तोड़ा गया है। उन्होंने कहा, “मेरे पास इसके पक्के सबूत हैं। अगर किसी को मेरी बात गलत लगती है तो वह मेरे खिलाफ अदालत जा सकता है, मैं सबूत कोर्ट में पेश करूंगा।”

महाराष्ट्र का भी किया जिक्र

अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी राजनीतिक दलों को तोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि शिवसेना को पहले दो हिस्सों में बांटा गया और अब उसके भीतर भी और टूट की कोशिश हो रही है।

Abhishek meets Om Birla: स्पीकर से निष्पक्ष फैसले की उम्मीद

अभिषेक ने बताया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष के सामने अपना पक्ष रख दिया है और अब फैसला स्पीकर के विवेक पर छोड़ दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा अध्यक्ष संविधान के अनुरूप निर्णय लेंगे और दल-बदल कानून का पालन सुनिश्चित करेंगे।

ये भी पढ़े… गाजियाबाद में NEET परीक्षा से पहले छात्र की मौत, सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो की जांच में जुटी पुलिस