Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में ये नियुक्ति पत्र बांटे।
अधिकारी की असली पहचान उसका काम
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में चयनित 182 अभ्यर्थियों तथा कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर चयनित 5 अभ्यर्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी, लेकिन साथ ही उन्हें यह भी अहसास कराया कि वे अपने दायित्व के मायने बखूबी समझ लें। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा पाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि सवा करोड़ उत्तराखंडवासियों के विश्वास, अपेक्षाओं और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है।
Dehradun: सेवा का माध्यम है पद
मुख्यमंत्री ने ध्यान दिलाया कि पद जनता की सेवा का माध्यम है। इस माध्यम से सरकार का लक्ष्य और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की पहचान सिर्फ पद से नहीं, बल्कि उचित कार्यशैली, जनता के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण भाव से होती है। उम्मीद है कि नए अधिकारी इसे अच्छी तरह महसूस कर सकेंगे।
Dehradun: चार साल में हजारों को मिली नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान राज्य में 34 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है। यह सिलसिला आगे भी चलता रहेगा। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों का आह्वान किया कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।








