RAM MANDIR NEWS: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लवकुश मिश्रा ने चोरी के पैसों से अपनी पत्नी को सोने का लॉकेट उपहार में दिया था, जिसे अब बरामद कर लिया गया है। मामले में तीनों आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और लगातार पूछताछ की जा रही है।
नकदी, कार और जेवर जब्त
पुलिस ने बताया कि आरोपी अनुकल्प मिश्रा के कब्जे से 20 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, एक मोबाइल फोन और उसके पिता के नाम पर खरीदी गई डिजायर कार बरामद की गई है। वहीं लवकुश मिश्रा के पास से 38 हजार रुपये नकद और सोने का लॉकेट मिला, जबकि करुणेश पांडे से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
RAM MANDIR NEWS: सुनसान जगह पर होता था पैसों का बंटवारा
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के पास एक सुनसान स्थान पर चोरी की रकम का आपस में बंटवारा करते थे। पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का सत्यापन कर चुकी है और मामले में अन्य संदिग्धों से भी पूछताछ जारी है।
फर्जी रसीदों से श्रद्धालुओं से वसूला गया चढ़ावा
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने श्रद्धालुओं से चढ़ावा लेने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के लोगो वाली फर्जी रसीदों का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक ये रसीदें असली जैसी दिखती थीं, जिससे श्रद्धालु आसानी से धोखा खा जाते थे। ट्रस्ट द्वारा ऑनलाइन रसीद व्यवस्था शुरू होने के बाद आरोपियों ने इन फर्जी रसीदों का उपयोग बंद कर दिया था।
ये भी पढ़े… साइबर सिटी बनी ‘डूबती नाव’! बारिश ने खोल दी सड़कों और सिस्टम की पोल








