Home » Uncategorized » नरोत्तम मिश्रा का फिर दिखा दबंग अंदाज, टिकट और पुलिस कार्रवाई पर दो टूक

नरोत्तम मिश्रा का फिर दिखा दबंग अंदाज, टिकट और पुलिस कार्रवाई पर दो टूक

Datia By Election:

Datia By Election: मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का एक बार फिर दबंग अंदाज देखने को मिला। भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने टिकट कटने, कार्यकर्ताओं पर हुई कार्रवाई और प्रशासन के रवैये को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान की अपील भी की।

‘मेरी टिकट काटने की क्षमता आशुतोष में नहीं’

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उनकी टिकट काटने की क्षमता भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी में नहीं है। उन्होंने कहा कि टिकट का फैसला किसी और स्तर पर हुआ है और उचित समय पर वहां भी बात होगी। मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपना आक्रोश गलत दिशा में न निकालें और पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करें।

Datia By Election: कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई से नाराज, एसपी को चेतावनी

नरोत्तम मिश्रा ने आंदोलन के दौरान समर्थकों पर दर्ज एफआईआर और पुलिस कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्दोष कार्यकर्ताओं के साथ सख्ती स्वीकार नहीं की जाएगी। मंच से उन्होंने दतिया के पुलिस अधीक्षक को चेतावनी देते हुए कहा कि वह दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखते हैं और ऐसी घटनाओं को भूलने वालों में से नहीं हैं। उनके इस बयान की राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।

दतिया में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला

दतिया उपचुनाव में भाजपा ने इस बार नरोत्तम मिश्रा की जगह संगठन के वरिष्ठ नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व विधायक और दतिया राजघराने के प्रमुख घनश्याम सिंह पर दांव लगाया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के साथ यह तय होगा कि दतिया की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है। चुनावी मुकाबले के बीच नरोत्तम मिश्रा के तेवरों ने सियासी माहौल को और अधिक गर्मा दिया है।

 

ये भी पढ़ें…बंगाल की खाड़ी में दो नावें लापता, 500 से अधिक रोहिंग्या के डूबने की आशंका