Home » अंतर्राष्ट्रीय » चीन में फिर बढ़े कोरोना के मामले, भारत में भी दिख रहे नए केस… घबराएं नहीं, बरतें सावधानी

चीन में फिर बढ़े कोरोना के मामले, भारत में भी दिख रहे नए केस… घबराएं नहीं, बरतें सावधानी

चीन में कोविड बढ़ा

China Covid Cases: 2020 में कोरोना ने पूरी दुनिया हिला दी थी। लाखों लोग बीमार हुए और जिंदगी महीनों तक थम-सी गई थी। अब 5 साल बाद एक बार फिर चीन से कोविड के मामले सामने आ रहे हैं और भारत के कुछ राज्यों में भी हल्के-फुल्के केस दिखने लगे हैं।

चीन में क्या है स्थिति?

चाइनीज सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में जून में करीब 79 हजार कोविड के कन्फर्म केस दर्ज हुए। इनमें 130 मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है। हालांकि, एजेंसी का कहना है कि अभी संक्रमण निचले स्तर पर है और कोई नया खतरनाक वैरिएंट नहीं मिला है। वायरस में म्यूटेशन तो होते रहते हैं, लेकिन अभी घबराने वाली स्थिति नहीं है।

भारत में भी सामने आ रहे हैं नए मामले

भारत में भी पिछले कुछ हफ्तों में आंध्र प्रदेश में 12 एक्टिव केस मिले हैं और 2 मौतें दर्ज की गई हैं। मुंबई में एक नया मामला सामने आया है और उत्तर प्रदेश में भी संक्रमण की खबर है। संख्या कम है और ज्यादातर मरीजों में लक्षण हल्के हैं। सर्दी, खांसी, बुखार जैसे सामान्य लक्षण ही दिख रहे हैं।

एक्सपर्ट्स क्या कह रहे हैं?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि कोरोना पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। यह अब फ्लू की तरह हमारे साथ रहने लगा है। मौसम बदलने, इम्यूनिटी कमजोर होने या नए सब-वैरिएंट आने पर केस ऊपर-नीचे होते रहेंगे। महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में जो मामले आए हैं, वे इसी का संकेत हैं, लेकिन 2020 जैसी स्थिति फिलहाल नहीं दिख रही।

क्या बरतें सावधानी?

डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन लापरवाही भी ठीक नहीं। डॉक्टरों की सलाह वही पुरानी है, जो कोविड के समय दी जाती थी। दिन में कई बार साबुन से हाथ धोएं। खांसते-छींकते समय मुंह और नाक रुमाल या टिश्यू से ढकें। भीड़ वाली जगह पर जाएं तो मास्क लगा लें। सबसे जरूरी है कि लक्षणों को नजरअंदाज न करें। अगर लगातार बुखार, गले में खराश, सांस लेने में दिक्कत या बहुत ज्यादा थकान हो, तो तुरंत टेस्ट कराएं और डॉक्टर से सलाह लें।

सरकार भी रख रही है नजर

सरकारें भी नजर रख रही हैं। हॉस्पिटल्स में बेड और ऑक्सीजन की तैयारी पहले से है। वैक्सीनेशन का असर भी है, जिसकी वजह से इस बार संक्रमण गंभीर रूप नहीं ले रहा।

कुल मिलाकर स्थिति कंट्रोल में है

कुल मिलाकर स्थिति कंट्रोल में है। चीन में केस बढ़े हैं, तो हमें अलर्ट रहना चाहिए, डरना नहीं। साफ-सफाई, थोड़ी सावधानी और समय पर इलाज से कोविड को फिर से बड़ा रूप लेने से रोका जा सकता है।

Written By: Mansi Sharma

ये भी पढ़ें…खुशबू सुंदर की बेटी अवंतिका की शाही शादी, गोवा से सामने आईं खूबसूरत इनसाइड तस्वीरें