INDIA VS ENGLAND: लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में 27 रन से हार के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मैच के आखिरी तीन ओवरों की गेंदबाजी को हार का सबसे बड़ा कारण बताया। इस हार के साथ भारत तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-2 से गंवा बैठा।
आखिरी तीन ओवरों में बदला मैच
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल ने कहा कि टीम 45वें ओवर तक मुकाबले में बनी हुई थी, लेकिन अंतिम तीन ओवरों में करीब 60 रन खर्च करने से मैच इंग्लैंड के पक्ष में चला गया। उनके मुताबिक यही वह मोड़ था, जिसने भारत की जीत की उम्मीदों को झटका दिया।
INDIA VS ENGLAND: रणनीति थी विकेट बचाकर लक्ष्य का पीछा करना
गिल ने बताया कि टीम की योजना 40 ओवर तक विकेट बचाकर रखने की थी, ताकि अंत में बड़े शॉट लगाए जा सकें। हालांकि रन गति को भी नियंत्रित रखना जरूरी था। उन्होंने कहा कि पावरप्ले के बाद बल्लेबाजों ने अच्छी साझेदारी कर रन रेट को छह से साढ़े छह प्रति ओवर तक बनाए रखा।
रोहित शर्मा की पारी की जमकर तारीफ
रोहित शर्मा की 138 रन की शानदार पारी का जिक्र करते हुए गिल ने कहा कि उन्होंने कठिन होती पिच पर बेहतरीन बल्लेबाजी की। कप्तान ने कहा कि रोहित और विराट कोहली ने वर्षों से दुनिया भर में शानदार प्रदर्शन किया है और रोहित की यह पारी देखने लायक थी।
INDIA VS ENGLAND: 387 रन का लक्ष्य नहीं कर सकी टीम इंडिया पार
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में तीन विकेट पर 387 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित ओवरों में सात विकेट पर 360 रन ही बना सकी। रोहित शर्मा के शतक के बावजूद भारत लक्ष्य से 27 रन पीछे रह गया और सीरीज भी हाथ से निकल गई।








