Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय इलाके में पूजा-अर्चना के दौरान अचानक पीपल के पेड़ की भारी डाल गिर गई। हादसे के वक्त ब्रह्मस्थान परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
Bihar News: डाली के नीचे दबने से दो लोगों की मौत-
जानकारी के अनुसार, पीपल के पेड़ की विशाल डाल गिरने से कई लोग उसके नीचे दब गए। इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
Bihar News: स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत और बचाव कार्य-
पेड़ की डाल गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
घायलों को SKMCH में कराया गया भर्ती-
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी छह घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम-
धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुए इस हादसे के बाद मिठनसराय गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े- ऋतुराज गायकवाड़ बने वेस्ट जोन के कप्तान, पृथ्वी शॉ की टीम में वापसी








