Home » लाइफस्टाइल » घंटों एक्सरसाइज के बाद भी नहीं दिख रहा असर? डॉक्टर ने बताईं 5 बड़ी वजहें

घंटों एक्सरसाइज के बाद भी नहीं दिख रहा असर? डॉक्टर ने बताईं 5 बड़ी वजहें

 Health Tips:

Health Tips: कोविड के बाद फिटनेस को लेकर लोगों में जागरूकता काफी बढ़ी है। कई लोग रोजाना घंटों जिम में पसीना बहाते हैं, लेकिन इसके बावजूद शरीर में मनचाहा बदलाव नहीं दिखता। यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, फरीदाबाद के इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. राजीव चौधरी के अनुसार, केवल ज्यादा देर तक एक्सरसाइज करना ही फिटनेस की गारंटी नहीं है। इसके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं।

1. पूरे दिन एक्टिव न रहना-

डॉक्टर के अनुसार, सिर्फ जिम में वर्कआउट करना काफी नहीं है। पूरे दिन छोटी-छोटी शारीरिक गतिविधियां जैसे पैदल चलना, सीढ़ियां चढ़ना और घरेलू काम करना भी कैलोरी बर्न करने में मदद करते हैं। यदि बाकी समय शरीर निष्क्रिय रहता है, तो फिटनेस का असर कम हो सकता है।

2. क्रैश डाइट करना-

जल्दी वजन घटाने के लिए कई लोग क्रैश डाइट अपनाते हैं। इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व नहीं मिलते और ऊर्जा का स्तर गिर जाता है। संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट और विटामिन लेना फिटनेस के लिए जरूरी है।

3. तनाव और नींद की कमी-

लगातार तनाव और पर्याप्त नींद न लेने से हार्मोन प्रभावित होते हैं, जिससे मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ सकता है। इसका असर वजन घटाने और फिटनेस दोनों पर पड़ता है। अच्छी नींद और तनाव नियंत्रण फिट रहने के लिए बेहद जरूरी हैं।

4. एक ही तरह की एक्सरसाइज करना-

यदि आप हमेशा एक ही तरह का वर्कआउट करते हैं, तो शरीर धीरे-धीरे उसका आदी हो जाता है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि रूटीन में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो और हाई-इंटेंसिटी एक्सरसाइज को शामिल करें, ताकि पूरे शरीर का संतुलित विकास हो सके।

5. जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज करना-

ओवर एक्सरसाइज करने से शरीर को रिकवरी का समय नहीं मिल पाता। इससे थकान, जोड़ों में दर्द, मसल्स डैमेज और अगले दिन वर्कआउट करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए शरीर की क्षमता के अनुसार ही व्यायाम करना चाहिए।

Health Tips: अच्छे रिजल्ट के लिए क्या करें

डॉक्टर के मुताबिक, ऐसा फिटनेस रूटीन अपनाएं जिसे लंबे समय तक नियमित रूप से फॉलो किया जा सके। एक्सरसाइज के साथ संतुलित आहार लें, पर्याप्त प्रोटीन और फाइबर का सेवन करें, तनाव कम रखें और पर्याप्त नींद लें। अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज को भी अपनी दिनचर्या में शामिल करें।

Health Tips: कब लें डॉक्टर की सलाह-

यदि 3 से 6 महीने तक नियमित एक्सरसाइज और संतुलित आहार अपनाने के बाद भी कोई बदलाव न दिखे, तो डॉक्टर से सलाह लें। इसके पीछे थायराइड, पीसीओएस, इंसुलिन रेजिस्टेंस जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा अत्यधिक थकान, लगातार वजन बढ़ना, बाल झड़ना या महिलाओं में पीरियड्स की अनियमितता जैसे लक्षण दिखें तो चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए

यह भी पढ़े- सुरंग में गैस रिसाव के बाद फंसे 16 मजदूर सुरक्षित निकाले गए