Delhi Protest: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले सोमवार को निकाले गए संसद मार्च के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। एक ओर शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन जारी है। वहीं, संसद मार्च में शामिल छात्रों पर दिल्ली पुलिस के लाठीचार्ज के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है।
इस घटना के विरोध में राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया। इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP)ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
सोनम वांगचुक का अनशन
AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के करोड़ों युवाओं के मुद्दों को लेकर सोनम वांगचुक पिछले 23 दिनों से आमरण अनशन पर हैं। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर युवा लगातार आंदोलन कर रहे हैं और 20 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया गया।
कांग्रेस पर लगाए आरोप
संजय सिंह ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले एक महीने से इस आंदोलन की आलोचना करती रही है। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी युवाओं से जंतर-मंतर आने के बजाय अपने धरने में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस युवाओं के आंदोलन को कमजोर क्यों करना चाहती है? और वह लोगों से जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील क्यों नहीं कर रही।
X पर किया दावा
संजय सिंह ने X पर एक अन्य पोस्ट में दावा किया कि CJP के धरने को कमजोर करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को अपने आवास के बाहर धरने पर बैठा दिया। संजय सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर पर पिछले एक महीने से आंदोलन चल रहा है, लेकिन अब राहुल गांधी अलग से प्रदर्शन कर लोगों को वहां आने के लिए बुला रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जंतर-मंतर पहुंचकर छात्रों का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि युवाओं का असली आंदोलन वहीं चल रहा है और सभी लोग वहीं जाकर अपना समर्थन दे रहे हैं।
यह भी पढे़ : खरगे के बर्थडे लंच से निकला कांग्रेस का ‘सीक्रेट प्लान’, PM आवास की ओर बढ़े राहुल-प्रियंका; रास्ते में रोका गया







