UP News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में तीन सगी बहनों द्वारा एक ही युवक से शादी करने का दावा किए जाने का मामला चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया पर शादी का वीडियो वायरल होने के बाद इस पर विवाद खड़ा हो गया। वहीं, तीनों बहनों का कहना है कि उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है और वे अपने निर्णय से खुश हैं।

इंस्टाग्राम-फेसबुक पर बनाते थे वीडियो
जानकारी के अनुसार, धौरिया गांव निवासी सरोज (20), सावित्री (19) और संतोष (18) सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर हैं। तीनों इंस्टाग्राम और फेसबुक पर वीडियो बनाती हैं। उनका दावा है कि 17 जुलाई को उन्होंने चामुंडा माता मंदिर में श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्कू से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। बताया जा रहा है कि शादी का वीडियो बुधवार शाम सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया। वीडियो में युवक तीनों बहनों की मांग में सिंदूर भरता और अग्नि के सामने सात फेरे लेता दिखाई दे रहा है। हालांकि, शादी में दोनों परिवारों का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। तीनों बहनों का कहना है कि वे बचपन से हमेशा साथ रही हैं और भविष्य में भी अलग नहीं होना चाहती थीं। उनका आरोप है कि परिवार अलग-अलग स्थानों पर उनके रिश्ते तय कर रहा था, इसलिए उन्होंने एक साथ रहने के लिए एक ही युवक से शादी करने का फैसला लिया। विकास उर्फ विक्कू का कहना है कि वह पिछले छह महीने से तीनों बहनों के साथ कैमरामैन के रूप में काम कर रहा था और उनकी भावनाओं को समझते हुए उसने यह निर्णय लिया।
बड़ी बहन सरोज बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं, जबकि सावित्री और संतोष 12वीं पास हैं। तीनों सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 4.69 लाख तथा फेसबुक पर 84 हजार से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। जबकि इस शादी को लेकर चामुंडा माता मंदिर के प्रबंधक डॉ. शिवचरण दास ने कहा कि जिस समय विवाह होने का दावा किया जा रहा है, उस दौरान मंदिर में सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा था और वहां कोई पुजारी मौजूद नहीं था।

UP News: स्थानीय लोगों और संगठनों ने जताई आपत्ति
जबकि इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और कुछ हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थल पर इस प्रकार विवाह करना सामाजिक और धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच की मांग की है। विवाद बढ़ने के बाद तीनों बहनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपनी इच्छा से शादी की है और इसमें किसी पर दबाव नहीं है। उनका कहना है कि वे तीनों बालिग हैं और अपने फैसले से संतुष्ट हैं। वहीं इस मामले में हसनपुर कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि तीनों युवतियों ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने अपनी मर्जी से मंदिर में विवाह किया है। फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
ये भी पढ़े… पेपर लीक मामले पर PM मोदी ने दिया बयान तो पलटवार कर राहुल गांधी क्या बोले?







