Delhi Schools Online Classes: दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार, 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रही है। इसके मद्देनजर नई दिल्ली में बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, सुरक्षा और यातायात संबंधी दिक्कतों को देखते हुए कई स्कूलों ने ऑनलाइन क्लास चलाने का फैसला लिया है। इसके अलावा, कुछ कॉलेजों में परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) के समय में भी बदलाव किया गया है।
Delhi Schools Online Classes: स्कूलों ने लिया बड़ा फैसला, ऑनलाइन होंगी क्लास
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कुछ स्कूलों ने शनिवार को ऑनलाइन क्लास संचालित करने का निर्णय लिया है। सरदार पटेल स्कूल ने अभिभावकों को जानकारी देते हुए बताया कि नई दिल्ली में बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग और छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार को कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जाएगी। स्कूल ने शनिवार को होने वाले ‘एक्टिविटी वीक’ के उद्घाटन कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया है। इसके साथ ही शुक्रवार को छात्रों के लिए स्कूल के बाद रुकने की सुविधा भी बंद कर दी गई है।
Delhi Schools Online Classes: रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने बदला PTM का समय
सुरक्षा कारणों के चलते रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल ने भी शनिवार को होने वाली पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) के समय में बदलाव किया है। जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
भारती विद्यापीठ कॉलेज की परीक्षाएं सोमवार तक स्थगित
प्रदर्शन के मद्देनजर कॉलेजों में भी परीक्षाओं को लेकर फैसले लिए गए हैं। भारती विद्यापीठ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने शनिवार को होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं को सोमवार तक स्थगित कर दिया है। कॉलेज की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, यह फैसला गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी (GGSIPU) के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन, कम्युनिकेशन एंड टेक्नोलॉजी (USICT) के डीन और दिल्ली पुलिस के ट्रांसपोर्ट रेंज के जॉइंट कमिश्नर के निर्देशों के आधार पर लिया गया है।
महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट में 12 अक्टूबर तक टले एग्जाम
रोहिणी स्थित महाराजा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने भी शनिवार को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। अब ये परीक्षाएं 12 अक्टूबर को आयोजित की जाएंगी। इंस्टीट्यूट के अनुसार, परीक्षा स्थगित करने के फैसले को USICT, GGSIPU के डीन और बीटेक प्रोग्राम कोऑर्डिनेशन कमिटी की मंजूरी मिली है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। बैरिकेडिंग और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं के चलते शैक्षणिक संस्थानों ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। ऐसे में छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्कूल या कॉलेज की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार ही ऑनलाइन कक्षाओं और परीक्षाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त करें।









