Abhishek Sharma: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर गुरुवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान आईपीएल के आचार संहिता का उल्लंघन करने के कारण कार्रवाई की गई। उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। अभिषेक शर्मा ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए दी गई सजा को मान लिया है।

आईपीएल के नियम के तहत हुई कार्रवाई
आईपीएल की आधिकारिक प्रेस रिलीज में बताया गया कि अभिषेक शर्मा ने आर्टिकल 2.3 के तहत लेवल-1 के अपराध को स्वीकार किया है। उन्होंने मैच रेफरी के फैसले को भी मान लिया है। आईपीएल के नियमों के अनुसार, लेवल-1 के मामलों में मैच रेफरी का फैसला अंतिम होता है और वही लागू किया जाता है।
Abhishek Sharma: विवादित आउट होने के बाद जताई नाराजगी
इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने टीम के लिए शानदार शुरुआत की। उन्होंने 21 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए। हालांकि उनका आउट होना विवाद का कारण बन गया। दरअसल, केकेआर के गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर अभिषेक का कैच लिया गया। कैच लेते समय ऐसा लग रहा था कि गेंद जमीन को छू गई है। यह घटना पारी के नौवें ओवर में हुई थी।

मामला थर्ड अंपायर के पास गया और उन्होंने कैच को सही मानते हुए अभिषेक शर्मा को आउट करार दिया। इस फैसले से अभिषेक सहमत नहीं थे और उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की। इसी व्यवहार को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन माना गया और उन पर जुर्माना लगाया गया।
एसआरएच ने बनाया 226 रन का बड़ा स्कोर
मैच की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट पर 226 रन बनाए। टीम की ओर से हेनरिक क्लासेन ने 52 रन, अभिषेक शर्मा ने 48 रन, ट्रेविस हेड ने 46 रन और नितीश कुमार रेड्डी ने 39 रन की अहम पारी खेली।

Abhishek Sharma: 227 रन के लक्ष्य के सामने ढेर हुई केकेआर
227 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम ज्यादा देर तक टिक नहीं पाई। पूरी टीम 16 ओवर में 161 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और सनराइजर्स हैदराबाद ने यह मुकाबला 65 रन से जीत लिया।यह केकेआर की लगातार दूसरी हार रही, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीजन के अपने दूसरे मैच में पहली जीत दर्ज की।
ये भी पढ़े: मालदा घेराव मामला NIA को सौंपा, चुनावी जांच के बीच अधिकारियों को बनाया बंधक, 52 लाख मामलों का निपटारा







